इन्दौर, पश्चिमी विक्षोभों के असर से इन्दौर में गुरुवार शाम तेज आंधी चली और कुछ समय के लिए हल्की बारिश हुई। हालांकि इन्दौर पर सुबह से ही बादल छाए हुए थे। शाम छह बजे से आसमान में घने बादल छाए और हवाओं की गति तेज हुई। शाम सात बजे तेज हवाएं अचानक आंधी में तब्दील हो गई और करीब 60-70 कि.मी. प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। तेज आंधी के कारण शहर में कई जगह पेड़ गिरने की भी सूचना मिली है।
मौसम के जानकारों के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी अफगानिस्तान के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के रुप में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके अलावा पाकिस्तान के ऊपर टर्फ के रुप में दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। यही वजह है कि इनके कारण अरब सागर से इन्दौर की ओर नमी आ रही है, जिससे गुरुवार को इन्दौर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। गुरुवार को इन्दौर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। इन्दौर में शुक्रवार को भी ऐसी स्थिति निर्मित होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यास तूफान का असर अभी रीवा संभाग तक ही सीमित है। यास तूफान अब बिहार की ओर बढ़ रहा है। इसका असर इन्दौर, उज्जैन संभाग में नहीं रहा।
गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 38 डिग्री दर्ज किया गया, वही न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य था। इन्दौर में शुक्रवार को आसमान में बादल रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से इन्दौर में तेज आंधी के साथ हुई बारिश
