नई दिल्ली, कोरोना वायरस संक्रमण के मामले में प्रतिदिन मिलने वाले मरीजों की संख्या केरल में फिर सर्वाधिक हो गई है। शनिवार को केरल में कोरोना संक्रमण के 6250 नए मामले सामने आने के साथ सक्रिय मरीजों की संख्या 64,846 पर पहुंच गई। महाराष्ट्र के बाद केरल में ही सबसे ज्यादा सक्रिय मरीज हैं। महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण से 46,986 लोगों की मौत हो चुकी है। जो कि देश में हुई मौतों का लगभग 30% है। संक्रमण फैलने की रफ्तार भी महाराष्ट्र में 17% से ऊपर है। शनिवार को यहां पर कोरोना संक्रमण के 5965 नए मामले सामने आने के साथ एक्टिव मरीजों की संख्या 89,905 हो गई। महाराष्ट्र देश का अकेला ऐसा राज्य है जहां कोरोना संक्रमण 18 लाख से ऊपर लोगों तक पहुंच चुका है। कोरोना के एक्टिव मामलों में दिल्ली देश में तीसरे स्थान पर है। यहां पर शनिवार को 4998 कोरोनावायरस संक्रमित मिले, हालांकि 6512 ठीक भी हुए और एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 36,578 पर आ गई। दिल्ली में 89 लोगों की मौत भी हुई जो कि देश में सर्वाधिक थी। दिल्ली के बाद राजस्थान का नंबर है। जहां पर 28,751 सक्रिय मरीज हैं। यहां 2765 नए मरीज मिले। इसके बाद उत्तरप्रदेश का नंबर है जहां 25,244 सक्रिय मरीज हैं। शनिवार को उत्तरप्रदेश में 2153 नए संक्रमित मिले। कर्नाटक में 24,757 सक्रिय मरीज हैं। यहां पर 1522 नए मरीज मिले। पश्चिम बंगाल में 24,537 सक्रिय मरीज हैं यहां पर 3459 नए कोरोना संक्रमित मिले। छत्तीसगढ़ में भी सक्रिय मरीजों की संख्या 21,839 है। इसके अलावा 6 राज्य ऐसे हैं जहां पर सक्रिय मरीजों की संख्या 10,000 से अधिक है। इनमें भी एकमात्र राज हरियाणा में सक्रिय मरीजों की संख्या 15,000 से अधिक अर्थात 19,916 है। इस प्रकार देश के 70% सक्रिय मरीज 10 राज्यों से हैं। इन्हीं राज्यों में संक्रमण की रफ्तार सर्वाधिक है और मौत भी सबसे ज्यादा हुई हैं। संक्रमण और मौत के मामले में बिहार का रिकॉर्ड सबसे अच्छा है। यहां बड़े राज्यों में मृत्यु दर सबसे कम है और संक्रमण भी सभी राज्यों में सबसे कम है। देश के 9 राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां सक्रिय मरीजों की संख्या 1000 से कम है। इस समय देश में 4,53,241 सक्रिय मरीज हैं। अब तक 93 लाख 86 हजार 172 लोगों को कोरोनावायरस का संक्रमण हो चुका है। जिनमें से 87 लाख 96 हजार 136 ठीक हो चुके हैं। जबकि 1 लाख 36 हजार 676 की मौत हो गई है। कोरोना वैक्सीन को लेकर प्रधानमंत्री ने 3 राज्यों का दौरा भी किया है और इस वैक्सीन की प्रगति का जायजा लिया। देश में कोरोनावायरस वैक्सीन की बड़ी खेप जुलाई तक उपलब्ध होने की संभावना है।
कोरोना संक्रमण के मामले में केरल फिर शीर्ष पर आया, दिल्ली में हुई सर्वाधिक मौतें
