लखनऊ, उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 2778 नए मामले सामने आए हैं। वहीं इसी दौरान कुल 3736 लोग इलाज के बाद पूर्णतः उपचारित हुए। जबकि बीते 24 घंटे में कोरोना के कारण कुल 41 लोगों की मौत हुई है। राज्य में अब तक इस वायरस के कारण जान गंवानों की संख्या 6507 तक पहुंच गई है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बुधवार को यहां बताया कि 2778 नए मामलों के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या अब चार लाख 44 हजार 711 हो गई है। इसमें से कुल चार लाख 01 हजार 306 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में रिकवरी रेट बढ़कर अब 90.24 प्रतिशत हो गया है। राज्य में फिलहाल कोरोना के 36 हजार 898 सक्रिय मरीज हैं। 17 सितंबर को उत्तर प्रदेश में 68 हजार 235 एक्टिव केस थे, जो अब तक की सर्वाधिक संख्या है। उस दिन लगातार इसमें गिरावट दर्ज की जा रही है।
उन्होंने बताया कि हम लगातार ज्यादा टेस्ट कर रहे हैं। प्रदेश में मंगलवार को एक लाख 62 हजार 773 कोरोना सैंपल्स की जांच हुई। अभी तक राज्य में एक करोड़ 23 लाख 55 हजार 046 कोरोना नमूनों की जांच हो चुकी है। कोरोना को रोकने के लिए टेस्टिंग एक महत्वपूर्ण हथियार है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने बताया कि 36 हजार 898 सक्रिय मामलों में से 16 हजार 613 लोग होम आइसोलेशन में हैं। वहीं 3015 लोग भुगतान के आधार पर अपना इलाज करा रहे हैं। बाकी के लोग सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक कुल दो लाख 45 हजार 972 लोगों ने होम आइसोलेशन के विकल्प को चुना और इसमें से दो लाख 29 हजार 359 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं
यूपी में कोरोना के 2778 नए मामलों के साथ अब तक 6507 लोगों की गई है जान
