नई दिल्ली,मनोज सिन्हा अब जम्मू कश्मीर के नए उपराज्यपाल होंगे। गिरीश चंद्र मुर्मु ने बुधवार को जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गिरीश चंद्र मुर्मू का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और मनोज सिन्हा अब जम्मू कश्मीर के नए उपराज्यपाल होंगे। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद-370 की समाप्ति का एक साल पूरा होते ही बुधवार देर शाम उपराज्यपाल जीसी मुर्मू ने अचानक इस्तीफा दे दिया। मुर्मू ने देर रात राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को इस्तीफा भी सौंप दिया है। मुर्मू ने किस वजह से इस्तीफा दिया सका पता नहीं चल पाया, लेकिन बताया जाता है कि वे कुछ वरिष्ठ नौकरशाहों के कामकाज से नाराज थे। सूत्रों के अनुसार, मुर्मू की केंद्र में किसी बड़े ओहदे पर नियुक्ति हो सकती है।
कौन हैं मुर्मु
मुर्मु 1985 बैच के गुजरात कैडर के ऑफिसर हैं, उनकी गिनती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसेमंद ऑफिसरों में की जाती हैं। गुजरात में नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री रहते वे उनके प्रमुख सचिव थे। जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक की जगह गिरीश चंद्र मुर्मू को उपराज्यपाल बनाया गया था। जीसी मुर्मू के इस्तीफे की चर्चा कई दिनों से चल रही थी। स्थानीय हलकों में कयास लगाया जा रहा था कि 15 अगस्त के बाद जम्मू-कश्मीर के प्रशासन में बड़ा उल्टफेर होगा।
कौन हैं मनोज सिन्हा
मनोज सिन्हा उत्तरप्रदेश के गाजीपुर से भाजपा के सांसद रह चुके थे। उन्हें मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में रेल और संचार राज्यमंत्री बनाया गया था। वे साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के अफजल अंसारी से चुनाव हार गए थे।
मनोज सिन्हा को जम्मू-कश्मीर का उपराज्यपाल बनाया गया
