भोपाल, मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन को आज भोपाल में हुई कैबिनेट की बैठक में सीएम सहित सभी मंत्रियों ने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनके सम्मान में आज शासकीय कार्यालय बंद रखने की घोषणा की गई। सीएम शिवराज और मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा आज लालजी टंडन को श्रद्धांजलि अर्पित करने लखनऊ जाएंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी लखनऊ आएंगे और चौक स्थित आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लालजी टंडन के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि देश ने एक लोकप्रिय जन नेता, योग्य प्रशासक एवं प्रखर समाज सेवी को खोया है, वो लखनऊ के प्राण थे। उन्होंने लालजी टंडन के निधन पर 3 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। गौरतबल है कि मई 2004 में मध्य प्रदेश में राज्यपाल रहते हुए रामप्रकाश गुप्त का भी निधन हुआ था। वे भी लखनऊ के निवासी थे। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा टंडन जी का मार्गदर्शन हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को लंबे समय तक मिला। उन्होंने जनता और राष्ट्र की सेवा का एक अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए अपनी नीतियों से उत्तर प्रदेश भाजपा को भी सशक्त किया। मध्य प्रदेश के राज्यपाल रहते हुए टंडनजी ने हमें सदैव सन्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। राष्ट्र के प्रति उनके प्रेम और प्रगति हेतु योगदान को चिरकाल तक याद रखा जाएगा। आत्मा अजर-अमर है। वे आज हमारे बीच नहीं हैं परंतु अपने सुविचारों द्वारा वे हमारी स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगे। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोकाकुल परिजनों को इस वज्रपात को सहने की शक्ति प्रदान करें।
मप्र कैबिनेट की बैठक में लालजी टंडन को दी गई श्रद्धांजलि, राज्य में पांच दिन का राजकीय शोक
