लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफतार बस पीछे से ट्राले में घुसी, 14 की मौत

लखनऊ, देश में शानदार सड़कों का जाल जानलेवा भी साबित हो रहा है। उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेस के साथ ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर यात्रियों पर टूट रहा है। बस के चालकों के नियंत्रण खो देने के कारण बड़ी दुर्घटना हो रही है। बीती जुलाई में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बस सड़क की रेलिंग तोड़कर मथुरा में नाला में समा गई थी। जिसमें 29 यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि बुधवार देर रात लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफतार बस के पीछे से ट्राला में घुस जाने से 14 यात्रियों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि सुहागनगरी फिरोजाबाद में बुधवार देर रात लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से बिहार जा रही स्लीपर कोच बस नगला खंगर के पास आगे चल रहे ट्राला में जा घुसी। जिसके बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, बस में सवार 14 यात्रियों की मौत हो गई। बस में दो दर्जन से ज्यादा यात्री फंसे थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए मशक्कत करना पड़ी। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर यातायात रोक दिया है। घायल यात्रियों को उपचार के लिए पीजीआइ सैफई भेजा है। मृतक सभी यात्री बिहार के हैं। रात 12:30 बजे एडीजी जोन अजय आनंद और आइजी रेंज ए. सतीश गणेश दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। दिल्ली से एक्सप्रेस-वे के रास्ते बस देर रात लगभग 10.30 आगरा जा रही थी। बस में लगभग 5 दर्जन से ज्यादा सवारियां थीं। कुछ लोग सीटों पर थे और कुछ स्लीपर सीट पर लेटे हुए थे। नगला खंगर थाना क्षेत्र में किमी 71 के पास तेज रफ्तार बस आगे चल रहे ट्रॉला में जा घुसी। इसके बाद बस पूरी घूमकर डिवाइडर से जा टकराई। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर नगला खंगर और आसपास के थानों की पुलिस के साथ यूपीडा की 3 गाडिय़ां दौड़ीं। पुलिस के पहुंचने तक यात्री बस में फंसे हुए थे और उन्हें निकालने में भारी परेशानी हो रही थी। कटर और क्रेन मंगाकर राहत कार्य शुरू किया। हादसा बड़ा होने की जानकारी मिलने पर एसएसपी सङ्क्षचद्र पटेल और एएसपी ईरज राजा भी दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे में मरने वालों की संख्या रात सवा बजे तक 14 पहुंच गई थी, जबकि घायलों की संख्या दो दर्जन से अधिक है। घायलों को एंबुलेंस से सैफई मिनी पीजीआइ भेजा गया। एसएसपी सङ्क्षचद्र पटेल का कहना है हादसे के घायलों को उपचार के लिए भेजा जा रहा है। फिलहाल अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। सभी सवारियां दिल्ली के रामलीला मैदान से बिहार के लिए बस में सवार हुई थीं।
– यमुना एक्सप्रेस से नाले में गिरी थी बस, 29 की मौत
आगरा के पास यमुना एक्सप्रेस वे पर बीती 8 जुलाई को बड़ा हादसा हुआ। बस यमुना एक्सप्रेसवे पर फिसलकर 50 फुट नीचे गहरे नाले में जा गिरी जिसमें 29 यात्रियों की मौत हो गई और 18 जख्मी हो गए। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की जनरथ डबल डेकर बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी, आगरा के पास यमुना एक्सप्रेस वे से फिसलकर पुल के नीचे नाले में गिर गई। बस में 50 लोग सवार थे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यात्रियों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवार को 5-5 लाख रुपए मुआवजा दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में हुई सड़क दुर्घटना में 29 यात्रियों की मौत पर सोमवार को दुख जताया था।
फिरोजाबाद में कार व ऑटो पर पलटा था ट्रक, 11 की मौत
फिरोजाबाद के सिरसागंज क्षेत्र में जुलाई 2018 में भीषण सड़क दुर्घटना में दो बच्चों समेत 11 लोगों की मृत्यु हो गयी थी। परचून का सामान लेकर ट्रक आगरा से इटावा की ओर जा रहा था। फिरोजाबाद-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर सौथरा चौराहे के पास ट्रक बेकाबू होकर टेम्पो और कार पर पलट गया जिससे उसके नीचे दबने के कारण 11 लोगों की मृत्यु हो गई। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार और टेम्पो टीन की तरह पिचक गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *