भोपाल,राजधानी के हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म-2 व 3 पर लगे आधुनिक एलईडी टीवी सिस्टम का ट्रायल हुआ है। चाल सप्ताह में ही यात्रियों को एलईडी टीवी स्क्रीन पर ट्रेनों के कोच की पोजिशन की जानकारी मिलने लगेगी। इन्हीं प्लेटफार्मों पर एलईडी टीवी स्क्रीन पर कोच पोजिशन की जानकारी सबसे पहले दी जानी है। इसके बाद बाकी के प्लेटफार्मों पर एलईडी स्क्रीन चालू किए जाएंगे। इस सुविधा से रोजाना हजारों यात्रियों को फायदा होगा। इसके पहले प्लेटफार्मों पर सालों पुराने परंपरागत डिस्प्ले से यात्रियों को कोच पोजिशन की जानकारी दी जाती थी। हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर कोच गाइडेंस सिस्टम को अपग्रेड किया है। पुराने व छोटे डिस्प्ले को हटा दिया है। एलईडी टीवी स्क्रीन लगाई जा रही है। प्लेटफार्म-2 व 3 पर एलईडी टीवी लगाने का काम पूरा हो गया है। बाकी के प्लेटफार्मों पर काम चल रहा है। ये बड़े आकार के स्क्रीन हैं। इन पर यात्रियों को दूर से कोच पोजिशन की जानकारी मिलेगी।
एलईडी टीवी स्क्रीन से यात्रियों को रेलवे से जुड़ी सूचनाएं मिलेंगी। पुराने डिस्प्ले में सूचना देने की कोई सुविधा नहीं थी। केंद्रीय व राज्य स्तरीय योजनाओं की जानकारी भी आसानी से मिलेगी। इसके लिए अभी प्लेटफार्मों पर जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगाए जाते हैं और उन पर जानकारी दी जाती है। इसके कारण स्टेशन की सुंदरता पर असर पड़ता है। ये डिस्प्ले ऑटोमेटिक संचालित होंगे। हबीबगंज स्टेशन पर कुल 250 एलईडी टीवी स्क्रीन लगेंगे। इनसे 24 घंटे कोच पोजिशन के अलावा जरूरी सूचनाएं मिलेंगी। इस बारे में इंडियन रेलवे स्टेशन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन डीजीएम राजेश मंडलोई का कहना है कि एलईडी टीवी स्क्रीन लगाने का काम कुछ प्लेटफार्मों पर पूरा हो गया है। इस सप्ताह आधुनिक सिस्टम चालू भी कर देंगे। यात्रियों को आसानी से जानकारी मिलेगी।
भोपाल में स्क्रीन पर मिलेगी कोच की पोजिशन, प्लेटफार्म-2 व 3 पर हुआ एलईडी टीवी का ट्रायल
