नई दिल्ली, देश में महिलाओं के खिलाफ हो रही यौन हिंसा से सभी वर्गों में चिंता प्रकट की जा रही है। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने भी इस पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। शिल्पा ने कहा बेटी बचाओ को महज एक अभियान तक सीमित नहीं रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि अब निर्णायक पहल करने की जरूरत है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा कि इसे तुरंत अमल लाए जाने की आवश्यकता है। इंस्टाग्राम पर शिल्पा ने कई रपटों की झलकियां साझा की हैं, जिनमें से एक खबर उन्नाव पीड़िता की भी है, जिसे दुष्कर्म के आरोपियों ने आग के हवाले कर दिया था और दूसरी खबर पश्चिम बंगाल के मालदा में एक महिला के साथ दुष्कर्म और हत्या को लेकर है।
इन खबरों के माध्यम से शिल्पा शेट्टी ने देश में महिलाओं की स्थिति के बारे में अपनी चिंताओं का जिक्र किया। शिल्पा शेट्टी ने लिखा, हमारे देश में महिलाओं की स्थिति और गरिमा संकट में है। स्थिति यह है कि उनका अकेले बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। एक महिला के तौर पर मैं शायद यह बयां भी नहीं कर सकती कि दुष्कर्म पीड़िताओं और उनके परिवारों के प्रति उदासीन व निर्मम रवैये को अपनाते हुए देखना भी कितना घृणित और परेशान कर देने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने पोस्ट में टैग करते हुए शिल्पा शेट्टी ने आगे लिखा, हैशटैगबेटीबचाओ को मात्र एक अभियान तक सीमित नहीं रखा जा सकता। मैं प्रशासन से सख्त कानून लागू करने का आग्रह करती हूं, जिससे भविष्य के अपराधियों पर न केवल रोक लगेगी, बल्कि ट्रायल से गुजर रहे अपराधियों को भी सजा देगी। ऐसे मामलों में तेज- न्याय की आवश्यकता है। शिल्पा शेट्टी ने कहा कि न्याय में देरी न्याय न होने के बराबर है।
शिल्पा महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों पर गुस्से में बोलीं अब इसमें निर्णायक पहल जरूरी
