पुणे, महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तूफानी चुनाव प्रचार अभियान चलाने की योजना बनाई है। महाराष्ट्र में चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में नौ जनसभाओं को संबोधित करेंगे। जबकि, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह कुल इस दौरान राज्य के विभिन्न भागों में 18 रैलियां और जनसभाएं करेंगे। ज्ञात हो कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा-शिवसेना गठबंधन की यह पहली चुनावी अग्निपरीक्षा है। महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव के बाद कई राज्यों में चुनाव होने हैं। भाजपा रणनीतिकारों का मानना है कि इस चुनाव के नतीजे सीधे या प्रकारांतर से दूसरे राज्यों के चुनाव पर भी पड़ेंगे, इस लिए वह चुनाव प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।
भाजपा-शिवसेना गठबंधन की राज्य में सरकार है, यह गठबंधन एक बार फिर सत्ता में वापसी का प्रयास कर रहा है। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चन्द्रकांत पाटिल ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महाराष्ट्र में 9 जनसभाएं करेंगे, जिनमें से दो 17 अक्टूबर को पुणे और सतारा में होंगी। पाटिल स्वयं पुणे शहर के कोथ्रुद विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
सतारा में लोकसभा सीट के लिए होने वाले उप-चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) छोड़कर भाजपा में आने वाले छत्रपति शिवाजी के वंशज उदयनराजे भोसले को टिकट दिया गया है। पाटिल ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष शाह की कई रैलियां कांग्रेस और राकांपा का गढ़ माने जाने वाले पश्चिमी महाराष्ट्र में रखी गई हैं। हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अक्टूबर से चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वह वहां 4 रैलियां करेंगे। उल्लेखनीय है कि हरियाणा में 21 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती 24 अक्टूबर को की जाएगी।
महाराष्ट्र के VS चुनाव में मोदी की 9 और शाह की होंगी 18 जनसभाएं
