जबलपुर, पुलिस को गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गोराबाजार थाना और बरेला थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर पांच आरोपियों को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों से 28 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत तीन लाख रुपए बताई गई है। पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे ये गांजा कहां से लाए थे।
गोराबाजार पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति और एक महिला बिलहरी खंदारी पुलिया के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं। तीनों के पास गांजा है जो ग्राहकों को बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर मौके से नन्हे चौधरी उम्र 51 वर्ष, भागचंद चौधरी उम्र 38 वर्ष और सलमा बेगम उम्र 45 वर्ष को गिरफ्तार किया। तीनों के पास मिले बैगों से 15 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जिसकी अनुमानित कीमत १ लाख 50 हजार रूपये है।
13किलो गांजा सहित दो महिलाएं गिरफ्तार
इसी प्रकार बरेला थाना अंतर्गत गौर चौकी को सूचना मिली कि दो महिलाएं जबलपुर मंडला रोड स्थित बस स्टाप पर बैठी हैं, दोनों के पास गांजा है। पुलिस ने दबिश देकर मौके से दुर्गा उरैती उम्र 40 वर्ष और कोता बाई परस्ते उम्र 35 वर्ष को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 13 किलो गांजा कीमती 1 लाख 30 हजार रूपये जब्त किया गया है।
गांजा तस्करी में तीन महिलाएं भी शामिल निकलीं
