मुंबई, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और शिवसेना ने गठबंधन का औपचारिक ऐलान करते हुए सीटों का बंटवारा भी कर दिया है। मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने साझा प्रेस वार्ता में बताया कि भाजपा 150 और शिवसेना 124 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। ठाकरे ने आदित्य ठाकरे की मुख्यमंत्री पद पर दावेदारी को खारिज करते हुए कहा कि अभी राजनीती में उनका पहला कदम है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विचारधारा की समानता पर जोर देते हुए कहा कि हिंदुत्व का धागा दोनों पार्टियों को एकजुट करता है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने सत्ता में वापसी का भरोसा जताते हुए कहा, ‘भाजपा और शिवसेना दोनों पार्टियां साथ में चुनाव मैदान में हैं। आगे भी साथ में ही चुनाव लड़ेंगे। हमें लोगों का पूरा समर्थन मिलेगा। जनता का सहयोग बिल्कुल लोकसभा की तरह ही मिलेगा। हमने सभी वर्ग के लोगों को मौका दिया है। यह चुनाव भारी बहुमत से जीतेंगे। हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे। महाराष्ट्र का विकास ही हमारा लक्ष्य है।’
इस दौरान मुख्यमंत्री फड़णवीस ने बागियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी। दो टूक संदेश देते हुए कहा, ‘कई लोगों को लग रहा था कि गठबंधन होगा या नहीं। इस गठबंधन के लिए सबने समझौता किया है। आने वाले दिनों में सभी बागी प्रत्याशियों से अपना नाम वापस लेने को कहेंगे। यह काम महागठबंधन के सभी दलों के बागी कैंडिडेट्स के साथ होगा। अगर वे नहीं मानते हैं तो उन्हें गठबंधन की किसी भी पार्टी में कोई स्थान नहीं मिलेगा।’
इस बार चुनाव में ठाकरे परिवार से पहली बार कोई सदस्य सीधे मैदान में है। आदित्य ठाकरे की जीत के लिए खुद फडणवीस ने अपील की। उन्होंने कहा, ‘आदित्य ठाकरे भी इस बार चुनाव मैदान में हैं। मैं जनता से अपील करता हूं कि आदित्य को सबसे अधिक वोटों के अंतर से जीत दिलाएं। वह जीतेंगे और विधानसभा में साथ ही बैठेंगे।’ आदित्य वर्ली सीट से इस चुनाव मैदान में हैं।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने समानता पर जोर देते हुए कहा, ‘पहले तो गठबंधन पर ही सवाल थे। बीजेपी और शिवसेना भाई-भाई हैं। इसमें बड़े और छोटे भाई जैसा कुछ भी नहीं है। हमें मिलकर महाराष्ट्र के विकास और बेहतरी के लिए काम करना है।’ गठबंधन के तहत दोनों दलों ने राज्य की 288 सीटों पर 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में 14 सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी हैं।
महाराष्ट्र में भाजपा 150 और शिवसेना 124 सीटों पर लड़ेंगी चुनाव, दोनों के बीच हुआ गठबंधन
