पणजी,गोवा के सीएम मनोहर पर्रिकर की अंत्येष्ठी आज गोवा की राजधानी पणजी में शाम पांच बजे राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी। इससे पहले उनकी पार्थिव देह पणजी के भाजपा मुख्यालय लाई गई। इस दौरान वाहनों का लंबा काफिला मौजूद है। वहां उसे एक घंटे के लिए अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। इस बीच नई दिल्ली स्थित पीएम आवास पर कैबिनेट की बैठक में उन्हें याद किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दोपहर 1:30 बजे उन्हें श्रद्धांजलि देने पणजी जाएंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीज भी 2:30 बजे पणजी पहुंचेंगे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी पणजी जाएंगे। भाजपा ने आज अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए है। पर्रिकर के पार्थिव शरीर को पणजी के भाजपा मुख्यालय के बाद कला अकादमी लाया जा रहा है जहाँ शाम चार बजे तक पर्रिकर के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे। मनोहर पर्रिकर की अंतिम यात्रा आज शाम चार बजे शुरू होगी। उनका अंतिम संस्कार शाम करीब पांच बजे मिरामर में किया जाएगा।
मनोहर पर्रिकर की अंतिम यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के अलावा कई केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। वहीं, मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर भी मंथन जारी है, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस अपने-अपने विधायकों के साथ लगातार बैठकें कर रही है।
मनोहर पर्रिकर को अंतिम विदाई का कार्यक्रम :
कला अकादमी में आम लोगों के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर,शाम 4 बजे तक कर सकेंगे अंतिम दर्शन।
शाम 4 बजे- कला अकादमी से मीरामर तक अंतिम यात्रा।
शाम 5 बजे- अंतिम संस्कार की प्रक्रिया।
पर्रिकर का आज शाम अंतिम संस्कार, कैबिनेट बैठक में दी गई श्रद्धांजलि
