नई दिल्ली, मोदी सरकार के लाख कोशिश के बाद भी देश में कृषि संकट अभी बना हुआ है। इस कृषि संकट से निपटने के लिए प्रदर्शन कर रहे किसानों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। किसानों की रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा है कि अगर पीएम मोदी अपने 15 सबसे अमीर दोस्तों का कर्जा माफ कर सकते हैं तो उन्हें देश के करोड़ों किसानों का कर्जा भी माफ करना होगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम मोदी ने देश को अंबानी-अडाणी के बीच में बांट दिया है। बता दें कि शुक्रवार को किसानों के प्रदर्शन में एक बार फिर विपक्ष ने अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की। इस मौके पर तमाम विरोधी नेता कांग्रेस से राहुल गांधी, केजरीवाल, शरद यादव, सीताराम येचुरी एकजुटता दिखाते हुए मौजूद रहे। राहुल गांधी के बाद किसानों को संबोधित करते हुए दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर किसानों की नहीं सुनी गई तो वे 2019 में मोदी सरकार के खिलाफ देशभर में कयामत ढा देने वाले है। वहीं, किसानों के आंदोलन में शामिल होने पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि अगर अगर 15 लोगों का कर्जा माफ हो सकता है तो हिंदुस्तान के करोड़ों किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा। राहुल ने कहा, किसान कोई फ्री गिफ्ट नहीं मांग रहा, अपना हक मांग रहा है। पीएम ने वादा किया था बोनस का, एमएसपी का। आप बीमा का पैसा देते हो, अनिल अंबानी की जेब में जाता है। किसान ये भी नहीं चुन सकता कि कौन सा बीमा ले। मोदी ने हिंदुस्तान को बांट रखा है, कहीं अंबानी को कहीं अडाणी को।’
राहुल गांधी ने राफेल डील पर अपने पुराने आरोपों के संदर्भ में कहा, ‘हिंदुस्तान का किसान मोदीजी से अनिल अंबानी का हवाई जहाज नहीं मांग रहा है। किसान पूछ रहा है कि अगर अनिल अंबानी को वायुसेना का पैसा दे सकते हो, 15 अमीर मित्रों का कर्जा माफ कर सकते हो तो हमारा भी माफ करो। राहुल ने विपक्षी एकता की बात करते हुए कहा, हम सब की विचारधारा अलग है, लेकिन किसान और युवाओं के लिए हम एक हैं। चाहे कानून बदलना पड़े, सीएम बदलना पड़े, या पीएम बदलना पड़े, हम बदलने को तैयार है। पूरे देश से हिंदुस्तान के किसान और युवाओं की आवाज है, जिस आप चुप नहीं कर सकते।’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, मोदीजी के मुंह से हिंदुस्तान के सबसे 15 अमीर अनिल अंबानी जैसे लोगों की आवाज निकलती है। पांच साल पहले हम सबने कहा था कि अगर कोई सरकार हिंदुस्तान के किसान का अपमान करेगी, हिंदुस्तान के युवाओं का अपमान करेगी तो उस सरकार को हिंदुस्तान हटा कर रहेगा। आप देश को भोजन देते हो। आप चार बजे सुबह उठकर देश को अपना खून-पसीना देते हो। इस देश को कोई एक व्यक्ति नहीं चलाता है। कोई एक पार्टी नहीं चलाती है। इस देश को किसान, मजदूर, छोटे व्यवसायी चलाते हैं।
इस मौके पर केजरीवाल ने कहा, मोटे तौर पर तीन मांगें समझ में आती हैं। जितना कर्ज किसानों का है वह सारा कर्ज माफ होना चाहिए। किसानों को उनकी फसल का पूरा दाम मिलना चाहिए। जो वादा किया गया था स्वामीनाथन आयोग का उस लागू किया जाना चाहिए। किसानों को भीख नहीं चाहिए, किसान अपना हक मांग रहे हैं। सरकारें एमएसपी निर्धारित कर देती हैं लेकिन इस दाम पर कोई नहीं खरीदते। किसान की फसल बर्बाद हो जाए तो सरकार ने जो फसल बीमा है योजना बनाई है यह फ्रॉड है, किसानों के साथ धोखा है। वह बीजेपी की किसान डाका योजना है बीजेपी की। इस बीमा योजना को बंद करो,3 साल से जितने पैसे लिए हैं किसानों के उस वापस करो। इसकी जगह किसान मुआवजा योजना लाओ।’
केजरीवाल ने कहा, हमने दिल्ली के किसानों को 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेअर के हिसाब से मुआवजा दिया। भारत की किसी सरकार ने ऐसा नहीं किया था। अगर दिल्ली सरकार कर सकती है तो क्या मोदी सरकार नहीं कर सकती? जितनी चिंता अंबानी अडाणी की रहती है उसका 10 प्रतिशत किसानों की चिंता कर लो। अगर ऐसा नहीं कर सकते तो अगली बार वोट भी अंबानी-अडाणी से ही मांगना। अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के बैनर तले रामलीला मैदान से संसद मार्च कर रहे किसान आंदोलनकारी अब संसद मार्ग थाने पर ही सभा कर रहे हैं। आंदोलन का समर्थन कर रहे लगभग दो सौ किसान एवं सामाजिक संगठनों और 21 राजनीतिक दलों के नेता संसद मार्ग थाने पर किसानों के बीच मौजूद रहे।
किसानों के मार्च के दौरान स्वराज इंडिया पार्टी के नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि जो पार्टी किसानों का समर्थन नहीँ करेगी वो किसानों की सबसे बड़ी दुश्मन है। किसानों की मुठ्ठी उठाकर काम नहीं चलेगा तो किसान अपनी अंगुली से 2019 में लोकसभा चुनाव में जवाब देंगे। योगेंद्र यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार अब तक की सबसे बड़ी किसान विरोधी सरकार है। वहीं, सीताराम येचुरी ने पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह को कौरव बताया। मार्च में शामिल आम आदमी पार्टी (आप) नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार को किसानों के मुद्दे पर पहले से ही चिंता करनी चाहिए थी। सांसद राजू शेट्टी ने कहा- मोदी जी, अगर आप किसानों के ख़िलाफ़ जाएंगे तो दिल्ली में राज करने का सपना ही देखेंगे अगली बार। दिल्ली में सरकार उसी की बनेगी जिसको किसान चाहेंगे।
किसानों का कर्ज माफ करना ही पड़ेगा -राहुल
