पहाड़ों पर बर्फबारी से मध्यप्रदेश में पारा गिरना शुरू,अभी और बढ़ेगी ठण्ड

भोपाल,उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के कारण प्रदेश के वातावरण में ठंड बढने का सिलसिला प्रारंभ हो गया है। हवा के रुख में आए बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट होना शुरू हो गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी 2-3 दिन तक तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहेगा। उधर, इस वर्ष नवंबर माह का पहला पखवाड़ा तीन साल में ‘गर्म’ साबित हुआ। दिन और रात का औसत तापमान बढ़ा हुआ रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से हवा का पैटर्न सेट नहीं होने के साथ ही वातावरण में नमी बढ़ने के कारण दिन-रात के तापमान में इजाफा हो रहा था। लेकिन शुक्रवार से हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी, उत्तर-पूर्वी होने से दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट होना शुरू हुई। शनिवार को हवा का रुख उत्तरी होने से वातावरण में ठंडक महसूस हुई।
शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 28.7 डिग्रीसे. दर्ज हुआ, जो कि शुक्रवार(30.4) के मुकाबले 1.7 डिग्रीसे.कम रहा। इसके पूर्व 7 नवंबर को दिन का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्रीसे. दर्ज हुआ था। इसी तरह शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात का तापमान 15.6 डिग्रीसे. रिकार्ड हुआ,जो कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात के तापमान(16.4) के मुकाबले 0.8 डिग्रीसे.कम रहा। मौसम विज्ञानी बीके साहा ने बताया कि जम्मू-काश्मीर सहित उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में जबरदस्त बर्फबारी हुई है। उधर वर्ष 2015 के बाद इस वर्ष नवंबर के पहले पखवाड़ा में दिन और रात का औसत तापमान बढ़ा हुआ दर्ज हुआ। इस बारे में मौसम विज्ञानी बीके साहा ने कहा कि ठंड के मौसम के हिसाब से हवा का पेटर्न (उत्तरी) सेट नहीं होने के कारण दिन-रात के तापमान बढ़े। वर्तमान में करीब 12 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तरी हवाएं चलने लगी हैं। इससे अब दिन और रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना बढ़ गई है। तापमान में गिरावट का सिलसिला 2-3 दिन तक चलने के आसार हैं। इससे वातावरण में ठंड बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *