BJP की चुनावी हुंकार मोदी बोले कांग्रेस को ले डूबा उसका अहंकार

भोपाल,भाजपा ने मंगलवार को पार्टी के पितृ पुरुष पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती पर मंगलवार को भोपाल में ‘कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन कर चुनावी शंखनाद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा तो शिवराज ने राहुल पर केंद्रित स्पीच देते हुए उन्हें काफी खरी-खोटी सुनाई,मोदी ने मेरा बूथ सबसे मजबूत का नारा दिया। पूरी भाजपा नेताओं के भाषण में अपनी योजनाओं के बखान से ज्यादा कांग्रेस की बुराई करते नजर आये। अमित शाह ने जहां एक बार फिर घुसपैठियों और असम के नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजंस (एनआरसी) के साथ राष्ट्रहित की भावना को उठाया। शिवराज ने अपनी सरकार के कार्यों की तुलना दिग्विजय सिंह सरकार से की।
No Imageजंबूरी मैदान में हुए इस महाकुंभ में प्रदेशभर से लाखों लोग पहुंचे। भाजपा ने इसे विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक कार्यकर्ता समागम बताते हुए दावा किया कि 3 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की, जबकि राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि करीब 2 लाख कार्यकर्ता ही यहां पहुंचे। हालांकि सोमवार को प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया है कि इस महाकुंभ में प्रदेशभर से 10 लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे। महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल हुए ।
कांग्रेस को सूक्ष्मदर्शी लेकर ढूंढना पड़ रहा
वंशवाद के कारण खत्म हो गई पार्टी
मोदी बाले, जो पार्टी 125 सालों से भी पुरानी हो, जिस पार्टी के अनेकों भूतपूर्व राज्यपाल हो, फिर ऐसा क्या हुआ? कांग्रेस अपने अहंकार और परिवारवाद में ख़त्म हो रही है। कांग्रेस के साथी आत्म मंथन करें। 125 साल से भी पुरानी पार्टी विचार करे कि इतनी दुर्गति क्यों हुई। इतनी बड़ी पार्टी को सूक्ष्मदर्शी यंत्र लेकर निकलना पड़ता है कि देश में कहीं बचे हैं की नहीं और इतनी पराजय के बाद भी कांग्रेस सुधरने को तैयार नहीं है। केंद्र में कांग्रेस की सरकार रहने के दौरान मध्यप्रदेश की भाजपा सरकारों और जनता के साथ धोखा हुआ। राफेल डील पर राहुल गांधी और फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति फ्रास्वां ओलांद की गठजोड़ के आरोपों के बीच मोदी ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस अब भारत से बाहर गठबंधन खोज रही है। अब देश के बाहर यह तय किया जा रहा है कि भारत का प्रधानमंत्री कौन होगा। मोदी पाकिस्तान के मंत्रियों के उस ट्वीट के संदर्भ में अपनी बात रख रहे थे जिनमें राफेल डील में हुए कथित घोटाले के राहुल गांधी के आरोपों को कोट किया गया था। मोदी ने कहा, कांग्रेस ने मेरे खिलाफ हरेक गाली का इस्तेमाल किया लेकिन जितना कीचड़ उन्होंने उछाला, उतना देश में कमल खिला।
सत्ता के नशे में छोटी-छोटी पार्टियों को कुचल देनी वाली कांग्रेस आज उन्हीं छोटे दलों के पैरों में पड़ी है। सवा सौ साल पुरानी पार्टी अब छोटे-छोटे दलों के सर्टिफिकेट लेने के लिए भटक रही है। इसके पीछे उसका अहंकार है। उन्होंने कहा कि कभी मध्य प्रदेश का भला नहीं चाहा। यूपीए के शासन काल के दौरान बीजेपी शासित राज्यों के विकास में रोड़ा डाला गया।
मोदी यह भी बोले
-अमित शाह की प्रशंसा करते हुए कहा-शाह जैसा अध्यक्ष होना चाहिए जिनके नेतृत्व में 19 राज्यों में पार्टी की सरकार बनी
-दीनदयाल उपाध्याय को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हम एकात्म मानववाद की राह पर चलते हैं
-विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने का हमें गर्व, झूठ के बवंडर, जाति का ज़हर फैलाने से हमारा बूथ का कार्यकर्ता ही रोकेगा
क्या बोले शाह
-विधानसभा चुनाव में बीजेपी कार्यकर्ता पार्टी के पक्ष में हवा बनाएं ताकि लोकसभा चुनाव तक यह सुनामी बन जाए
-जहां एक भी सीट नहीं होती थी वहां भाजपा ने सरकार बनाई
शिवराज ने साधा निशाना
हम घोषणा मशीन, राहुल तो फन मशीन
मोदी से पहले भाषण देते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। शिवराज ने कहा, कुछ लोग मुझे घोषणा मशीन कहते हैं ।मैं तो घोषणा मशीन हूं, लेकिन राहुल गांधी तो फन मशीन हैं।
नेता प्रतिपक्ष का आरोप
मंच पर एक साथ झूठ बोलने वाली तीन मशीनें
मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रपितक्ष अजय सिंह ने कहा है कि कहा कि भोपाल में भाजपा के मंच पर एक साथ झूठ बोलने वाली तीन मशीनें देखी गईं। उनका इशारा प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और शिवराज सिंह चौहान की ओर था। सिंह ने कहा कि पहले झूठ का पर्दाफाश तो मैदान पर ही हो गया जब दस लाख की जगह कुछ लाख में ही मैदान सिमट गया वह भी तब जब 200 करोड़ खर्च कर दिया गया।
सिंधिया का सवाल
अब भी अधूरे हैं सीएम शिवराज के 21 हजार वादे
कांग्रेस चुनाव प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री पर सवाल उठाते हुए कहा है कि मप्र में अब भी 21 हजार वादे अधूरे हैं। ऐसे में विकास की क्या कल्पना की जा सकती है।
कमलनाथ ने दागे सवाल
2 लाख करोड़ कर्ज, घोषणायें कैसे पूरी होंगी
छिंदवाड़ा में कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि कि सरकारी खर्चे पर महाकुंभ किया जा रहा है। प्रदेश का 200 करोड़ आयोजन में खर्च कर दिया गया। सरकारी खजाने से पैसा पानी की तरह बहाया जा रहा है। शिवराज को पता है कि इस बार उनकी सरकार नहीं आने वाली है। प्रदेश पर 2 लाख करोड़ का कर्ज है। अत: रोजाना नई-नई घोषणायें कर रहे है। ऐसे में उनकी योजनाएं कैसे पूरी होंगी?

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *