5000 करोड़ रु का घोटालेबाज नितिन संदेसरा परिवार सहित नाइजीरिया भागा

नई दिल्ली,5000 करोड़ रु के गोटालेबाज गुजराती व्यापारी नितिन संदेसरा को लेकर खबर आई है कि वह नाइजीरिया भाग गया है। वह स्टर्लिंग बायोटेक का मालिक है। इससे पहले खबर आई थी कि वह दुबई में रह रहा है। ईडी और सीबीआई सूत्रों के अनुसार वह अपने परिवार सहित नाइजीरिया में छिपा हुआ है। उसके परिवार में उसका भाई चेतन संदेसरा, भाभी दीप्तिबेन संदेसरा और परिवार के बाकी लोग भी शामिल हैं। भारत के लिए उसे अफ्रीकी देश से वापस लाना बहुत कठिन होगा। जिसका कारण है भारत का नाइजीरिया के साथ कोई प्रत्यर्पण समझौता न होना। एक अधिकारी ने कहा कि नितिन को दुबई में यूएई अथॉरिटी द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर गलत है। उसे कभी हिरासत में लिया ही नहीं गया है। नितिन और उसका परिवार उससे काफी समय पहले ही नाइजीरिया पहुंच चुका था। फिलहाल जांच एजेंसियों ने यूएई अथॉरिटी को संदेसरा की गिरफ्तारी का आवेदन करने का फैसला किया है। साथ ही पूरे परिवार के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया है। अभी तक इस बात की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है कि नितिन और उसका परिवार नाइजीरिया में हैं या फिर किसी और देश में। इस बात का पता नहीं चल पाया कि वह लोग भारतीय पासपोर्ट के साथ घूम रहे हैं या फिर किसी और देश के पासपोर्ट के साथ। गौरतलब है कि सीबीआई और ईडी ने वडोदरा स्थित स्टर्लिंग बायोटेक के निदेशकों नितिन, चेतन और दीप्ति संदेसरा के खिलाफ केस दर्ज किया था। साथ ही जिन अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, उनमें राजभूषण ओमप्रकाश दीक्षित, विलास जोशी, चार्टर्ड अकाउंटेंट हेमंत हठी, आंध्र बैंक के पूर्व निदेशक अनुप गर्ग और कुछ अज्ञात लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *