भोपाल,वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा राम मंदिर के नाम पर देश को गुमराह कर रही है। जब भी चुनाव आते हैं, भाजपा राम मंदिर का मुद्दा लेकर बैठ जाती है।
कमलनाथ ने कहा कि सरकार अपनी उपलब्धियों का हिसाब-किताब नहीं दे पा रही है, इसलिए अब वो राम मंदिर का मुद्दा फिर से ला रही है। मैं मानता हूं कि देश की जनता मूर्ख नहीं है कि चुनाव के पहले ये बात उठाते हैं। ये कलाकारी की राजनीति हमेशा भाजपा की रणनीति रहती है। कमलनाथ ने कहा कि उम्मीद की किरण जनता से आएगी। मप्र में जनता का हर वर्ग परेशान है। मैंने कभी नहीं देखा कि किसान नौजवान व्यापारी महिलाएं हर वर्ग परेशान है। अब जनता भाजपा के नेताओं और मुख्यमंत्री की घोषणाएं नहीं सुनना चाहती, अब वो शिवराज से हिसाब किताब मांग रहे हैं।
बूथ स्तर पर कांग्रेस ने खुद की इंटेलिजेंस टीम को किया सक्रिय
मध्यप्रदेश में फर्जी वोटरों को लेकर महाभारत जारी है। चुनाव आयोग द्वारा गठित टीम के बाद 60 लाख फर्जी वोटर का दावा करने वाली कांग्रेस ने भी अब बूथ स्तर पर अपनी इंटेलिजेंस टीम को सक्रिय कर दिया है। ये टीम वोटर लिस्ट में शामिल फर्जी वोटर की तलाश कर उन्हें सूचीबद्ध कर रही है। कांग्रेस का दावा है कि प्रदेश में लाखों की संख्या में फर्जी वोटर के पीछे भाजपा का हाथ है। दरअसल, कांग्रेस की शिकायत के बाद प्रदेश में 60 लाख फर्जी वोटरों की जांच के लिए चुनाव आयोग की टीम प्रदेश पहुंच गई है। कांग्रेस का कहना है कि अभी भी प्रदेश में लाखों की संख्या में भाजपा के फर्जी वोटर हैं। कांग्रेस ने इन फर्जी वोटरों की पहचान के लिए बूथ स्तर पर इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई है। प्रदेश में 5 करोड़ 7 लाख 80 हजार 373 मतदाताओं पर 65 हजार 200 बूथ हैं। एक बूथ पर करीब 1000 वोटर होते हैं। जांच के साथ इन्वेस्टिगेशन टीम बूथ, वार्ड, पंचायत, ब्लाक और मंडल स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के इन्टेलिजेंस इनपुट पर वोटर लिस्ट और उसमें दर्ज मतदाताओं की जांच पड़ताल करती है। वहीं, भाजपा वोटर लिस्ट स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा रही है।