मास्को,रूस में आगामी 14 जून से होने वाले फीफा फुटबॉल विश्व कप में कई सितारे अंतिम बार नजर आयेंगे। इस विश्वकप में दुनिया की 32 शीर्ष टीमों के बीच मुकाबला होगा। हर बार की तरह इस बार भी कई नए सितोरों का उदय होगा तो दूसरी ओर फुटबॉल जगत में पहले ही अपनी चमक बिखेर चुके कई नामी सितारों के करियर का आखिरी यह आखिरी विश्व कप होगा।
मेसी
अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी रूस में होने वाले विश्व कप में 31 वर्ष की आयु में खेलने उतरेंगे और 2022 के विश्व कप तक उनकी उम्र 35 वर्ष होगी। इस उम्र में मेसी के लिए अर्जेंटीना की टीम में अपना स्थान कायम रख पाना मुश्किल होगा। वो पहले भी एक बार संन्यास लेने के बाद वापसी कर चुके हैं, इस लिहाज से यह उनके करियर का आखिरी विश्व कप होगा।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो
पुर्तगाल के 33 वर्षीय स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी अपना आखिरी विश्व कप खेल सकते हैं। रोनाल्डो ने इससे पहले मेसी की तरह ही तीन विश्व कप खेले हैं और तीन गोल दागे हैं। रीयाल मैड्रिड का यह स्टार 2016 में फ्रांस में हुए यूरो कप के फाइनल में अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा मैच खेलते हुए चोटिल हो गया था।
आंद्रे इनिएस्ता
स्पेन के 34 वर्षीय फुटबॉलर आंद्रे इनिएस्ता भी तीन बार विश्व कप (2006, 2010, 2014) में अपनी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। हालांकि इस दौरान उनके पैरों से सिर्फ दो गोल ही निकल पाए हैं। पिछले विश्व कप में स्पेनिश टीम नीदरलैंड्स और चिली से हारकर ग्रुप स्तर में ही बाहर हो गई थी।
सैमुएल इटो
कैमरून के 37 वर्षीय स्ट्राइकर सैमुएल इटो अपने आखिरी विश्व कप में छाप छोडऩे की कोशिश करेंगे। 1997 में अपने देश के लिए पदार्पण करने वाले इटो 118 मैचों में 56 गोल दाग चुके हैं।
पेपे
पुर्तगाल के 35 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी पेपे 2010 और 2014 का विश्व कप खेल चुके हैं लेकिन वह अपने इस आखिरी विश्व कप को यादगार बनाने की कोशिश करेंगे। 2007 में अपने देश के लिए पदार्पण करने वाले पेपे राष्ट्रीय टीम के लिए 91 मैचों में पांच गोल कर चुके हैं।
मार्सेलो
ब्राजील के मार्सेलो ने 13 वर्ष की उम्र में फुटबॉल खेलना शुरू किया था और अपने इस करियर में सिर्फ एक बार 2014 का विश्व कप खेल चुके हैं, लेकिन उन्हें अपने पहले विश्व कप गोल का इंतजार है।
गोंजालो हुईग्वेन
अर्जेंटीना के 33 वर्षीय स्ट्राइकर गोंजालो हुईग्वेन शानदार खिलाड़ी हैं और मैच के दौरान लियोनेन मेसी का अच्छा साथ निभाते हैं। वह भी यादगार प्रदर्शन करना चाहेंगे। यह उनका आखिरी विश्व कप हो सकता है।
मैनुअल नॉयर
जर्मनी के गोलकीपर मैनुएल नॉयर टीम को काफी मैचों में बड़ी हार खाने से बचा चुके हैं। उनके रहते स्ट्राइकर्स को गोल करने के लिए बड़ी रणनीति बनानी पड़ती है। वह अपने अनुभव से टीम को फायदा देकर उसकी खिताबी राह आसान करने की कोशिश करेंगे।
उरुग्वे के मार्टिन सिल्वा (35 वर्ष) 2010 और 2014 में उतर चुके हैं। अन्य खिलाडिय़ों में स्पेन के सर्गियो रामोस (32 वर्ष) ने लगातार तीन विश्व कप खेलकर भी टीम को निराश किया। अर्जेंटीना के पाब्लो पेरेज 32 वर्ष की उम्र में विश्व कप में पदार्पण करेंगे, यह उनका आखिरी विश्व कप भी हो सकता है।
विश्व कप में अंतिम बार नजर आयेंगे ये स्टार खिलाड़ी
