मुंबई,भ्रष्टाचार के प्रति आम जनता का सब्र का बांध टूटता नजर आ रहा है। आम जनता ने अपने गुस्से को जाहिर करने का एक नया तरीका निकाला। हाल ही में पीएनबी घोटाले में नीरव मोदी को लेकर लोगों के अंदर गुस्सा भरा हुआ है। अपनी भड़ास निकालने के लिए मुंबई के लोगो ने होलिका के साथ नीरव मोदी का भी दहन किया। दरअसल मुंबई का बीबीडी चॉल इन दिनों सुर्खियों में है और वजह है नीरव मोदी। स्थानीय लोगों ने 58 फीट ऊंचा नीरव मोदी का पुतला बनाया, जिस होली की शाम दहन किया गया।
पुरानी चालियों के बीच बना नीरव मोदी का यह पुतला आर्कषण का केंद्र रहा। पुतले पर लिखा था पीएनबी घोटाला डायमंड किंग। लोग दूर-दूर से इस देखने आये। बता दें कि होलिका दहन को बुराई के पर अच्छाई की जीत के रुप में माना जाता है। लोगों ने पुतले के जरिए नीरव मोदी को बुराई के प्रतीक के तौर पर दिखाया। इस होलिका दहन के आयोजनकर्ताओं ने कहा कि जो नीरव मोदी ने किया है उससे देश की छवि को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नुकसान पहुंचा है। यहीं कारण है कि उसके पुतले को जलाया गया। आयोजनकर्ताओं का दावा है की यह होलिका भारत की सबसे ऊंची होलिका हो सकती है। बता दें कि पिछले दस सालों से यहां होलिका दहन का कार्यक्रम किया जा रहा है। हर बार होलिका किसी नई थीम पर बनाई जाती है। ये लोग इससे पहले माल्या का भी पुतला बनाकर जला चुके हैं। हर साल हजारों लोग यहा होलिका दहन देखने आते हैं।