रायगढ,लखीराम मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में वार्ड ब्वॉय व आया की भर्ती परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। चयनित होने वाले टॉपर ने परीक्षा में सौ फीसदी अंक ह़ासिल किए हैं, जबकि उनकी पत्नी भी मेरिट में हैं। भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी का हाल यह रहा कि दो सगी बहनों को आगे-पीछे बिठाया गया और संयोग देखिए कि दोनों वार्ड ब्वॉय एवं आया के लिए चुन लिए गए। लखीराम मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में वार्ड ब्वॉय एवं आया के लिए दो दिन पहले चयन सूची जारी की गई है। 42 पदों के लिए जो मेरिट सूची बनी है। उसमें टॉपर आने वाले रविन्द्र वैष्णव ने सौ फीसदी अंक हासिल किए हैं। रविन्द्र ने 60 में से 60 अंक लाए हैं।
वहीं रविन्द्र की पत्नी शीतल वैष्णव ने 54 अंकों के साथ मेरिट में 24 वां स्थान हासिल किया है। कॉलेज प्रबंधन द्वारा जो चयन सूची जारी की गई है, उसमें आश्चर्यजनक रूप से एक ही परिवार के सदस्यों का चयन किया गया है। चयन सूची में ममता जायसवाल पिता समारू राम जायसवाल एवं सुषमा जायसवाल पिता समारू राम जायसवाल का भी नाम है। दोनों सगी बहने हैं और दोनों ने एक साथ बैठकर परीक्षा दी थी। दोनों का चयन भी हो गया है। चयन सूची में ऐसी ढेरों विसंगति के बाद कॉलेज प्रबंधन एवं डीन पर भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगने लगे हैं। भर्ती प्रक्रिया में संदेह इसलिए भी किया जा रहा है, क्योंकि परीक्षा के समय ऐसे लोगों को एक साथ रोल नंबर अलाट किए गए। कालेज प्रबंधन ने बड़ी बहन ममता जायसवाल का रोल नंबर 502808 दिया और छोटी बहन सुषमा को रोल नंबर 502809 देकर ठीक उसके पीछे बैठाया गया। अब दोनों वार्ड आया बन गई हैं। टॉपर रविन्द्र ने एग्जाम में पूरे 100 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। आमतौर पर आईआईटी एवं आईआईएम में भी छात्र इतनी स्कोरिंग नहीं कर पाते। अब वार्ड ब्वॉय एवं आया में पति-पत्नी के एक साथ चयनित होने पर डीन भी इसे आश्चर्यजनक बता कर जांच कराने की बात कह रहे हैं। कॉलेज में 42 पदों के लिए आयोजित इस परीक्षा में करीब सात हजार लोगों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। दस दिसंबर को शहर में आयोजित इस परीक्षा के लिए दस सेंटर बनाए गए थे। परीक्षा के दिन भी पालिटेक्निक कॉलेज में परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं देने की बात पर हंगामा हुआ था।
वार्ड ब्वाय भर्ती में गड़बड़झाला पति टॉपर, पत्नी भी मेरिट में, सगी बहनों ने आसपास बैठ कर दी परीक्षा
