जयपुर,राजस्थान में 29 जनवरी को होने वाले तीन उपचुनावों में चुनाव प्रचार के लिए भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। राज्य में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा इस महीने हो रहे उपचुनावों में जीत हासिल कर अपने पक्ष में माहौल तैयार करना चाहती है। भाजपा की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम शामिल हैं। पार्टी प्रदेश मुख्यालय की ओर से जारी सूची में केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल, सीआर चौधरी, पीपी चौधरी, अर्जुन राम मेघवाल, गजेन्द्र सिंह शेखावत, राष्ट्रीय महामंत्री भूपेन्द्र यादव, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल, राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) वी. सतीश, सांसद दुष्यन्त सिंह, मुख्यमंत्री की पुत्रवधू निहारिका राजे, सांसद अर्जुन मीणा के नाम शामिल हैं। वसुंधरा मंत्रिमंडल के सदस्यों में गुलाब चन्द्र कटारिया, डॉ, अरुण चतुर्वेदी, राजेन्द्र राठौड़, काली चरण सराफ, डॉ. राम प्रताप, यूनुस खान, प्रभू लाल सैनी, हेम सिंह भडाना, श्रीचंद कृपलानी, पुष्पेन्द्र सिंह, अनिता भदेल, बाबू लाल वर्मा को शामिल किया गया है। स्टार प्रचारकों में संगठन प्रदेश महामंत्री चन्द्रशेखर, विधानसभा में मुख्य सरकारी सचेतक कालू लाल गुर्जर, राजेन्द्र गहलोत, जर्नादन गहलोत, गोपाल पचेरवाल, रोहिताश शर्मा, प्रेम नारायण गालव और विधायकों में से एकमात्र प्रहलाद गुंजल शामिल हैं। सूची में अजमेर के विधायक वासुदेव देवनानी का नाम शामिल नहीं है। गौरतलब है कि अजमेर, अलवर लोकसभा और माडलगढ़ विधानसभा सीटों के लिए 29 जनवरी को उपचुनाव होगा। तीनों सीटें भाजपा के पास थीं। ये उपचुनाव प्रो. सांवर लाल जाट, चांद नाथ योगी व कीर्ति कुमारी के निधन के कारण खाली हुई हैं।
राजस्थान में तीन उपचुनाव के लिए भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची जारी
