पटना,बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास 56.23 लाख रुपये मूल्य की चल अचल संपत्ति है, जबकि उनके बेटे निशांत उनसे चार गुना ज्यादा अमीर हैं। मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों द्वारा प्रदेश सरकार की वेबसाइट पर अपलोड किए गए संपत्ति के विवरण के मुताबिक उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी भी नीतीश कुमार से अमीर हैं। उनकी चल संपत्ति 94.92 लाख रुपए की है, जबकि नीतीश की चल संपत्ति 16.23 लाख रूपए की। नीतीश की कुल संपत्ति के मूल्य में पिछले साल के मुकाबले 26 हजार रुपए की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। सरकारी वेबसाइट पर अपलोड की गई सूचना के मुताबिक पिछले साल यह आंकड़ा 56.49 लाख था। नीतीश के पास 2015 मॉडल की फोर्ड इकोस्पोर्ट और 2016 मॉडल की एक हुंडई आई 10 एस्टा कार भी है। उनके पास नौ गायें और सात बछड़े भी हैं। उनका बकाया वाहन ऋण पिछले साल के 3.79 लाख रुपए से घटकर 43,458 रुपए रह गया है। मुख्यमंत्री पर निर्भर उनके बेटे निशांत की चल अचल संपत्ति 2.43 करोड़ रुपए आंकी गई है। निशांत की संपत्ति नीतीश की संपत्ति के मुकाबले चार गुनी से थोड़ी ज्यादा है। निशांत की चल संपत्ति का मूल्य 1.18 करोड़ आंका गया है, जबकि अचल संपत्ति 1.25 करोड़ रुपए की है। उनकी संपत्ति में कृषि और गैर-कृषि वाली पैतृक जमीन के अलावा नालंदा जिले के कल्याणबिघा और पटना जिले के बख्तियारपुर के हकीकतपुर में आवासीय इमारतें भी शामिल हैं। इसके अलावा निशांत को अपनी दिवंगत मां की तरफ से पटना के कंकड़बाग में एक भूखंड, एक पोस्ट ऑफिस खाता, बैंक खातों की बचत, गहने, तनख्वाह की सरकार की तरफ से दी गई रसीदें, जीपीएफ और ग्रैच्युटी भी मिली है। सरकारी स्कूल में शिक्षिका रहीं नीतीश की पत्नी मंजू सिन्हा का 2007 में निधन हो गया था। मुख्यमंत्री के अलावा उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी समेत बाकी सभी 27 मंत्रियों ने भी अपनी चल अचल संपत्ति का विवरण दिया है। मोदी नीतीश से ज्यादा अमीर हैं। उनके बैंक खाते में 46.54 लाख रुपये जमा हैं। इसके अलावा एक मारुति स्विफ्ट कार भी उनके पास है, जिसकी कीमत 4.38 लाख रुपए है। उनके पास 2.94 लाख रुपए के आभूषण हैं। मोदी की पत्नी की चल संपत्ति करीब 1.35 करोड़ है, जिसमें 73.28 लाख का बैंक जमा और 12.60 लाख के आभूषण शामिल हैं। दंपत्ति के पास संयुक्त रूप से उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में 1825 वर्गफीट का भूखंड है, जिसका बाजार मूल्य 33.73 लाख रूपए है। इसके अलावा मोदी पर 16.09 लाख रूपए का कर्ज है। मुख्यमंत्री की पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के पास 6.30 करोड़ की संपत्ति है। उनके पास 9.91 लाख रूपए नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 36.23 लाख की चल संपत्ति है, जिसमें 14.30 लाख के गहने हैं।
नीतीश के बेटे की संपत्ति में चार गुना बढ़ी,बिहार सरकार की वेबसाइट पर आई जानकारी से खुलासा
