भोपाल, राजधानी भोपाल के गांधीनगर थाना इलाके में स्थित सेंट्रल जेल के अंदर काम करने के दौरान एक कैदी ने दूसरे कैदी पर सब्जी काटने वाले फनर से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल कैदी के गले और कंधे पर गंभीर चोटें आई है। आपस में भिड़े दोनों कैदी हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। पुलिस के अनुसार भोपाल सेंट्रल जेल में बंद हत्या के मामले की आरोपी मोदक सिंह पिता हाकम सिंह और सुपियार सिंह पिता भाईजी सिंह, बुधवार सुबह करीब दस बजे जेल के अंदर ही आपस में भिड़ गए थे। झगड़े के दौरान कैदी सुपियार सिंह ने फनर से मोदक सिंह पर हमला कर दिया। हमले में कैदी मोदक सिंह के गले और कंधे पर चोटें आई हैं। घायल मोदक सिंह को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भोपाल जोन फोर एएसपी समीर यादव ने बताया कि दोनों आरोपी मोदक सिंह और सुपियार सिंह, मूलत: बरेली के रहने वाले हैं और दूर के रिश्तेदार है। दोनों ने एक-दूसरे के खानदान के एक-एक लोगों की हत्या की थी। हत्या के आरोप में दोनों आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। घटना सुबह करीब दस बजे की बताई जा रही है, उस समय आरोपी सुफियार सिंह जहां सब्जी की बागान में काम कर रहा था, वहीं घायल कैदी मोदक सिंह गल्ला चिनाई में काम कर लगा था। घटना की रिपोर्ट जेल प्रबंधन द्वारा गांधी नगर थाने में दर्ज कराई गई है।
हत्या के आरोपी कैदी जेल के अंदर भिड़े, फनर से एक दूसरे पर किया हमला
