भिण्ड, प्रदेश के सामान्य प्रशासन एवं आदिम जाति कल्याण मंत्री लाल सिंह आर्य बुरी तरह उलझ गए हैं। आर्य के खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। कांग्रेस विधायक माखनलाल जाटव की हत्या के मामले में कोर्ट में 6 बार जमानती वारंट पर पेश नहीं होने पर मंत्री लाल सिंह आर्य के खिलाफ 7वीं बार में कोर्ट ने मंत्री का गिरफ्तारी वारंट जारी किया। विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार गुप्ता की कोर्ट ने ये वारंट जारी किया। दरअसल पुलिस द्वारा कोर्ट को ये बताया गया कि वे वारंट की तामिली नहीं करा पाई। लिहाजा अब कोर्ट ने मंत्री का गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। इधर चश्मदीद गवाह ने कोर्ट में मंत्री की जमानत पर आपत्ति ली है। गवाह का आरोप है मंत्री के लोग उन्हें केस से हटने के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं। साथ ही उन्हें 50 लाख रुपए का प्रलोभन भी दिया जा रहा है। इस मामले में कोर्ट ने पहले भी लाल सिंह आर्य को आरोपी बनाया था लेकिन हाईकोर्ट से लाल सिंह आर्य को राहत मिली थी जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था।