रोहतक, रेप के आरोप में 20 साल की सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम को लेकर मंगलवार को डीजी जेल केपी सिंह ने बताया कि जेल में राम रहीम को कोई सुविधा नहीं दी गई है। सवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा राम रहीम को जेल में सब्जी उगाने का काम दिया गया है। इसके लिए उसे 20 रुपए रोजाना मिलते हैं। राम रहीम जेल में आठ घंटा काम करता है। सब्जी उगाने के अलावा राम रहीम पेड़ काटने का भी काम करता है।
केपी सिंह ने बताया राम रहीम एक अनुशासित कैदी है। किसी भी महिला कर्मचारी को उसके सेल में जाने की अनुमति नहीं है। सिर्फ नियमित लोग ही राम रहीम की सेल में जा सकते हैं। डीजी ने कहा जब राम रहीम की मां- नसीब कौर उससे मिलने आई थी, तो दो चप्पल, कपड़े और दो धार्मिक किताबें लाईं थी। वहीं 25 अगस्त को हनीप्रीत को जेल के अंदर नहीं जाने दिया गया था। वह बाहर पुलिस गेस्ट हाउस में ही मौजूद थी। उसे राम रहीम से नहीं मिलने दिया गया था।
केपी सिंह ने बताया कि राम रहीम के द्वारा जिन सब्जियों को उगाया जाता है, उनका इस्तेमाल जेल की मेस में ही किया जाएगा। उन्हें बाहर नहीं बेचा जाएगा। उन्होंने बताया कि गुरमीत राम रहीम को खाना दिए जाने से पहले उसकी जांच होती है। उन्होंने कहा कि हमें ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि वह सेक्स एडिक्ट है। अभी तक दो बार उसकी मेडिकल जांच हो चुकी है। राम रहीम को स्पेशल सेल मिलने की खबर पर केपी सिंह ने कहा कि ऐसा नहीं है, वह एक साधारण सेल में है। उसके पास कोई टीवी नहीं है। राम रहीम के वकील ने उसके अकाउंट में 5000 रुपए जमा कराए हैं, जिनका उपयोग रोजाना के खर्च के लिए किया जाता है। उन्होंने बताया सेल में राम रहीम के लिए कोई बेड नहीं है, सिर्फ एक पंखा है।
जेल में सब्जी उगा रहे हैं राम रहीम, आठ घंटे काम कर कमाते हैं बीस रुपये
