नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली के बवाना विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर देर रात बवाना में आयोजित जनसभा के दौरान दिल्ली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी पर अज्ञात व्यक्ति ने हमला किया। जनसभा में भीड़-भाड़ के बीच मंच के पीछे से उन पर लकड़ी का छोटा डंडा और कुछ पत्थर फेंके। इससे उनके हाथ पर मामूली चोट आई और चश्मा भी टूट गया। इसके बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। मनोज तिवारी ने हमले के बाद भी भाषण जारी रखते हुए कहा कि वह ऐसे हमले से घबराने वाले नहीं। भाजपा की स्थानीय कार्यकर्ता बबिता राठौर ने नरेला थाने में लिखित शिकायत दे दी। इसके बाद पुलिस की ओर से रविवार सुबह एफआइआर भी दर्ज की गई।
– क्या है मामला
मनोज तिवारी शनिवार रात करीब ८.०० बजे बवाना जेजे कॉलोनी के झंडा चौक पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। तभी पीछे से फेंका गया एक डंडा उनके हाथ पर लगा। वह जब तक कुछ समझ पाते, तब तक कुछ पत्थर भी फेंके गए। हमले के बाद भी मनोज तिवारी ने भाषण जारी रखते हुए शांति बनाए रखने की अपील की। इस बीच कार्यकर्ताओं ने आसपास के इलाके में हमलावर की तलाश भी की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियां हार के डर से अब हिंसा का सहारा ले रही हैं, लेकिन भाजपा इससे डरने वाली नहीं है। हम विकास के लिए अपना काम करते रहेंगे। चाहे दूसरे लोग जो तिकड़म अपना लें। जनता आने वाले समय में इन्हें जवाब देगी। इस तरह के हमले विपक्षियों में लगातार बढ़ रही हताशा को दिखाते हैं।
मनोज तिवारी की रैली में फेंके डंडे व पत्थर
