बैतूल/सारणी, जिले के सारणी स्थित मठारदेव में मत्था टेकने पर मुख्यमंत्री समेत दिग्गज नेताओं की कुर्सी जाने की बाते अभी तक सुनी जा रही थी। अब चिचोली से खबर आ रही है कि यहां अब तक जितने भी पूर्व मुख्यमंत्रियों ने आकर सभा ली है या कार्यक्रम में शामिल हुए कुछ दिनों बाद उन्हें पद छोडऩा पड़ा है। प्रदेश की ही चार मुख्यमंत्रियों को चिचोली आने के बाद कुर्सी छोडऩे की बात सामने आ रही। ऐसे में 6 अगस्त को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का चिचोली में चुनावी आम सभा को लेकर चर्चाएं चल रही है। इन चर्चाओं को खुद भाजपा नेताओं ने ही आगे बढ़ाया है। उन्होंने भी माना है कि जो मुख्यमंत्री चिचोली आया उसकी कुर्सी चली गई। वाट्सएप गु्रप पर इस बहस से जमकर बवाल मचा है। लोग मुख्यमंत्री का चिचोली आगमन भी रद्द होने की बात कर रहे हैं। प्रदेश के कई स्थान ऐसे हैं जहां जाने पर किवदंतियां है कि मुख्यमंत्री और अन्य शीर्ष नेताओं को अपना पद गवाना पड़ा है। यह किवदंति सारणी के मठारदेव बाबा के दरबार में आने वाले नेताओं के बारे में भी कही जा रही है, लेकिन घोड़ाडोंगरी विधानसभा के चिचोली में भी यही स्थिति दिखाई दे रही है। यहां के लोगों और बुजुर्गों की माने तो पिछले 30 वर्षों में 4 मुख्यमंत्री चिचोली आए हैं और दोबारा न तो मुख्यमंत्री बन पाए और न ही उन्हें प्रतिष्ठा हासिल हो पाई है। कुल मिलाकर यहां आने पर कुर्सी गवाने की बात जोरशोर से की जा रही है। इतिहास के पन्ने पलटने पर जो जानकारी सामने आई उसके अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह, भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा, उमा भारती और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चिचोली आए हैं। चारों ही पूर्व मुख्यमंत्री ने चुनावी सभा की। इसके बाद वे दोबारा मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह भी चिचोली में करीब 30 वर्ष पहले मुख्यमंत्री रहते हुए आम सभा करने आए थे, लेकिन चुनाव के बाद उनकी कुर्सी चली गई और भाजपा की सरकार बन गई। सुंदरलाल पटवा भी मुख्यमंत्री रहते हुए चिचोली में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में सभा करने आ चुके हैं। इसके बाद उनकी सरकार भी सत्ता में नहीं आई है। लगभग 12 वर्ष पहले उमा भारती भी भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आई थी, लेकिन अदालत के एक प्रकरण में नाम आने के बाद उन्हें कुर्सी गवाना पड़ा। ठीक यही स्थिति पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की बताई जा रही है। वे मुख्यमंत्री रहते हुए चुनावी आम सभा करने चिचोली आए थे, इसके बाद सत्ता से जो बाहर हुए तो आज तक किसी पद पर नहीं बैठे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री श्री चौहान 6 अगस्त को चिचोली आ रहे हैं। उनको लेकर भी पूरे चिचोली में तरह-तरह की चर्चा चल रही है कि कहीं अन्य मुख्यमंत्री की तरह शिवराज सिंह चौहान को कुर्सी न गवाना पड़े।
…जो CM चिचोली आया उसकी कुर्सी गई ,30 वर्षों में 4 CM आए फिर नहीं बन पाए CM
