भोपाल, प्रदेश में एयर यात्रा का सफर करने वालों के लिए बुरी खबर है। एयरइंडिया ने संस्कारधानी जबलपुर का राजधानी भोपाल से हवाई संपर्क फिर से तोड़ दिया है। आगामी 10 जुलाई से जबलपुर से भोपाल के लिए उड़ान भरने वाली एयरइंडिया फ्लाइट बंद होगी। यात्रा बंद करने का उद्देश्य इस रूट पर यात्रियों की कम संख्या होना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार हैदराबाद-भोपाल और जबलपुर पर कनेक्ट होकर चलने वाली एयर इंडिया के फ्लाइट रूट से जबलपुर को एलीमिनेट कर दिया गया है। इसका कारण यात्रियों की कम संख्या होना बताया जा रहा है। अब एयर इंडिया की फ्लाइट सिर्फ जबलपुर से हैदराबाद और हैदराबाद से जबलपुर के लिए ही उपलब्ध रहेगी। 10 जुलाई से नए टाइमटेबल के तहत हैदराबाद से सुबह 7.10 पर फ्लाइट उड़ेगी जो सुबह 9.25 पर जबलपुर पहुंचेगी। जबकि जबलपुर से 9.55 पर फ्लाइट उड़ेगी जो 11.55 पर हैदराबाद पहुंचेगी। गौरतलब है कि अपने जबलपुर विजिट के दौरान एयर इंडिया सीएमडी अश्विनी लोहानी ने आश्वासन दिया था कि जबलपुर की हवाई सेवाओं में जल्द ही बढ़ोतरी की जाएगी, लेकिन अपने आश्वासन के विपरीत जबलपुर—भोपाल की हवाई यात्रा को बंद किया जा रहा है। इससे यात्रियों में काफी मायूसी का माहौल है।
एयरइंडिया बंद करेगी जबलपुर-भोपाल फ्लाइट
