सीहोर,सीहोर जिले के ग्राम छीपानेर में शनिवार की दोपहर दो पक्षों में अचानक विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया की ग्राम के 18 मकानों को आग के हवाले कर दिया गया। बताया गया है कि ग्राम में विवाद की सूचना के बाद प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दमकल वाहन को भी ग्राम भेजा गया| लेकिन जब तक दमकल वाहन वहां पहुंचते, मकान और कई वाहन जलकर खाक हो चुके थे। ग्राम में अभी भी तनाव पूर्ण हालत बने हुए हैं| स्थिति को देखते हुए ग्राम छीपानेर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
खबर लिखे जाने तक पुलिस अभी भी मौके पर मौजूद है, आलाधिकारी विवाद को सुलझाने का प्रयास करने में लगे हैं। जानकारी के अनुसार छीपानेर गांव में अलग-अलग पक्षों के लड़का-लड़की के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते दिनों लड़का-लड़की घर से भाग गए। इससे गुस्साए लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के के खिलाफ थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। आरोपी युवक बालिग है और बस ड्रायवर बताया जा रहा है। वहीं बालिका नाबालिग और स्कूली छात्रा बताई गई है।
सीहोर में दो पक्षों के बीच विवाद, तनाव,मकानों,वाहनों में आग लगाई
