मप्र में ब्रेक डांस, मलखम और ई गैम्स की स्थापित होगी अकादमी

भोपाल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में खेलों के प्रोत्साहन के लिए पैसों की कमी नहीं होगी। हम खेलों के बजट को एक हजार करोड़ तक बढ़ाऐंगे। चौहान ने कहा कि विक्रम पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को शासकीय सेवा में रखा जाएगा। प्रदेश में ब्रेक डांस, मलखम और ई गैम्स की अकादमी स्थापित होगी। खेलों के लिए संसाधनों को बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश में र्स्पोट्स डवेलप्मेंट कॉर्पोरेशन गठित किया जाएगा, जिसकी अध्यक्ष खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया होंगी। प्रदेश के नए स्टेडियम और पहले से बने स्टेडियमों के संधारण के लिए नई नीति बनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने खेलो एमपी यूथ गेम्स के शुभारंभ की घोषणा की। भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में खेलों में उत्कृष्टता की प्रतीक गेम्स ट्राफी का अनावरण कर तथा प्रतिष्ठित खिलाड़ियों से खेलों की मशाल प्राप्त कर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। उल्लेखनीय है मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 23 मार्च 2023 को हुई युवा महापंचायत में खेलो एमपी यूथ गेम्स आयोजित करने की घोषणा की थी। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया उपस्थित थी। केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री श्री अनुराग ठाकुर कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े।
राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त खिलाड़ियों को चेक प्रदान कर सम्मानित किया
चौहान ने राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को चेक प्रदान कर सम्मानित किया। एशियाड में कमाल दिखा रहे भोपाल शुटिंग अकादमी के निशानेबाज श्री एश्वर्य प्रताप सिंह को 2 करोड़ 75 लाख रुपए और निशानेबाज आशी चौकसे को एक करोड़ 25 लाख का चेक प्रदान किया गया। दोनों खिलाड़ियों के माता-पिता ने चेक प्राप्त किया। महिला क्रिकेट में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम की सदस्य पूजा वस्त्राकर को एक करोड़ रूपए, सेलिंग की खिलाड़ी नेहा ठाकुर को 50 लाख रुपए और शूटिंग की खिलाड़ी मनीषा कीर को 50 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया। नेहा और मनीषा के माता-पिता ने चेक प्राप्त किया।
खेलेंगे हम- जीतेगा एमपी
चौहान ने कहा कि चीन में चल रहे एशियाई गेम्स में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने बड़ी संख्या में पदक जीतकर प्रदेश को गोरवान्वित किया है। बेटियां, बेटों से पदक जीतने में आगे निकल गई हैं। एक जमाना था जब मध्यप्रदेश खेल में पिछड़ा था, आज मध्यप्रदेश खेल रहा है और देश देख रहा है। हम सम्पूर्ण प्रदेश में खेल संस्कृति को विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने के उद्देश्य से ग्राम स्तर के साथ-साथ विकास खण्ड, जिला, संभाग सहित राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं हो रही हैं। खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन इसी दिशा में एक कदम है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ” खेलेंगे हम- जीतेगा एमपी” के संदेश से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण विकसित करने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित करने में खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। विभाग ने उनके नेतृत्व में महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की हैं और खेल गतिविधियों को पर्याप्त विस्तार भी हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *