कटनी,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव जनजाति समाज के उत्थान का कार्य किया है, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा ही जनजाति समाज को गुमराह किया। उन्होंने कहा कांग्रेस पेसा एक्ट के बारे में जनजातीय भाई बहनों के बीच भ्रम फैला रही है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी जनजातीय गौरव यात्रा के माध्यम से ग्राम और चौपालों पर जाकर पेसा एक्ट के लाभ बता रहे हैं, ताकि कांग्रेस अपने गलत मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। शर्मा कटनी जिले के बड़वारा विधानसभा के सिलोड़ी ग्राम पंचायत में क्रांतिसूर्य जननायक टंट्या मामा की स्मृति में आयोजित जनजातीय गौरव यात्रा के शुभारंभ अवसर पर कही। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ हरी झंडी दिखाते हुए जनजातीय गौरव यात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को पेसा एक्ट कानून को लेकर जनजातीय समाज को जागरूक करने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि जनजातीय गौरव यात्रा का उद्देश्य जनजातीय वर्ग में पेसा एक्ट कानून को लेकर जनजाग्रति लाना है।
भाजपा सरकार ने पेसा एक्ट लागू कर जनजातीय बंधुओं को उनका अधिकार दिया
प्रदेश अध्यक्ष ने यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन पर पहला हक जनजातीय समाज का है। हमारे जनजातीय भाई बहन पेसा एक्ट को लेकर वर्षों से प्रतिक्षारत थे। हमें गर्व है कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी सरकार ने पेसा एक्ट लागू कर जनजातीय बंधुओं को उनका अधिकार प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी जनजातीय क्रांतिवीरों का सम्मान नहीं किया। उन्होंने हमेशा इस वर्ग की उपेक्षा की। भाजपा ने जनजातीय समाज का गौरवशाली अतीत लोगों तक पहुंचे इसके लिए हमेशा प्रयास किए। भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय वर्ग के ही नहीं बल्कि पूरे देश के गौरव है।
अटल जी ने जनजातीय मंत्रालय बनाया, मोदी जी मुख्यधारा में लाए
शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस सबसे अधिक सत्ता में रही, लेकिन कांग्रेस ने जनजातीय वर्ग की उपेक्षा की और उनके साथ छलावा किया। कांग्रेस ने कभी भी इस वर्ग के लिए कोई योजना नहीं बनायी। जबकि अटलबिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में जनजातीय वर्ग के उत्थान के लिए पृथक से जनजातीय मंत्रालय बनाया गया। आज जनजातीय वर्ग को मुख्यधारा में लाने और उनका सम्मान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र और राज्य सरकार संकल्पित है। आजादी के अमृत महोत्सव में जनजातीय वीर महानायकों को याद कर देश कृतज्ञता ज्ञापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव यात्रा जनजातीय अंचलों में पहुंचेगी और क्रांतिसूर्य जननायक टंट्या मामा की वीरगाथा लोगों तक पहुंचायेगी साथ ही पेसा एक्ट को लेकर लोगों को जागरूकता प्रदान करेगी।
बीजेपी जनजातिय गौरव यात्रा का सिलोड़ी से प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने किया शुभारम्भ
