नई दिल्ली, घातक कोरोना वायरस की रफ्तार अब मंद पड़ती दिख रही है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 44,111 नए मामले सामने आए हैं। साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 738 मौतों की रिपोर्ट दी है। इस दौरान 57,477 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं जबकि ठीक होने वालों की कुल संख्या 2,96,05,779 पर है। ये लगातार 51वां दिन है जब कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या दैनिक संक्रमण से अधिक देखने को मिली है।
संक्रमण की साप्ताहिक दर 2.50 फीसदी पर बनी हुई है। इसके साथ ही देश में कोरोना के सक्रिय मामले घट कर 4,95,533 पर आ गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 97 दिनों के बाद सक्रिय मामलों की संख्या 5 लाख से कम दर्ज हुई हैं। देशभर में अब तक कोरोना से 4,01,050 लोग जान गंवा चुके हैं। हालांकि टीकाकरण का काम जोरों पर है और अब तक 34,46,11,291 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। मंत्रालय ने कहा कि आठ राज्यों- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, कर्नाटक और महाराष्ट्र ने 18-44 आयु वर्ग के 50 लाख से अधिक लोगों को टीके की पहली खुराक दी है। आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल ने इसी आयु वर्ग के 10 लाख से अधिक लाभार्थियों को टीके की पहली खुराक दी है।
इससे पहले शुक्रवार को कोरोना के 46 हजार 617 नए मामले सामने आए थे, वहीं, 853 लोगों की मौत हो गई थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी कोविड-19 रोधी टीके की 1.24 करोड़ से ज्यादा खुराकें उपलब्ध हैं और अगले तीन दिनों में उन्हें 94,66,420 और खुराकों की आपूर्ति की जाएगी। मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार (मुफ्त तरीके से) और राज्यों की सीधी खरीद की श्रेणी से अब तक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को 32.92 करोड़ खुराकों की आपूर्ति की गई है। इनमें बर्बाद हुई 31,67,50,891 खुराकें भी शामिल हैं।
कोरोना की धीमी हो रही रफ्तार, देश में 97 दिनों बाद सक्रिय केस 5 लाख से नीचे
