भोपाल, मप्र में शुक्रवार सुबह मौसम ने करवट ली। सुबह से ही बादल छा गए। कई जगह रिमझिम बारिश भी हो रही है। वहीं, सिवनी के लखनादौन के गांव में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है, ओले गिरने की भी आशंका है। तेज हवा और गरज के साथ बिजली भी गिर सकती है।
राजधानी समेत पूर्वी मप्र के भोपाल, होशंगाबाद, रीवा, सागर के अलावा जबलपुर संभाग के कुछ जिलों में बादल छाए हुए हैं। मौसम वैज्ञानिक जीडी मिश्रा ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बन्स के कारण मौसम में परिवर्तन हो रहा है। इसके कारण पूर्वी मप्र में नॉर्थ-ईस्ट में डेढ़ किमी ऊपर चक्रवातीय हवाओं का घेरा बना हुआ है। इसके चलते कई जगह रिमझिम बारिश हो रही है। ऐसे मौसम में गरज के साथ बिजली चमकने के साथ ही ओले गिरने की आशंका रहती है। ऐसी स्थिति शनिवार शाम तक रहेगी। इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा। इससे तापमान में एक-दो डिग्री का अंतर आएगा। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी और अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है।
मप्र में मौसम ने ली करवट,सिवनी में बिजली गिरने से दो की मौत, 10 घायल
