मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सपत्नीक दीदी कैफे में किया भोजन

भोपाल, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सपत्नीक जिला पंचायत स्थित दीदी कैफे पहुँचे। उन्होंने दीदी कैफे में आस्था स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाये गये भोजन की जानकारी ली और भोजन करने की इच्छा जाहिर की। दीदी कैफे की महिलाओं ने खुशी-खुशी मुख्यमंत्री और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह को विशेष स्वरुचि भोजन करवाया। कैफे की दीदियों ने भोजन में दाल, चावल, सब्जी, रोटी, मिठाई में गुलाब जामुन और पापड़ परोसे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि खाना सचमुच बहुत अच्छा बना है और ऐसा लगा कि घर का खाना खा रहा हूँ। दीदियों को स्वादिष्ट भोजन कराने के लिए धन्यवाद देते हुए श्रीमती साधना सिंह ने 1500 रूपये का भुगतान आस्था स्व-सहायता समूह को किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दीदी कैफे चला रहीं आस्था स्व-सहायता समूह को फ्रिज भेंट किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उपस्थित सभी अधिकारियों से कहा कि दीदी कैफे में एक बार भोजन अवश्य करें। इस समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ता भी मिलेगी और आपको बेहतर भोजन भी उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया ने भी भोजन किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह ने जिला पंचायत परिसर में स्व-सहायता समूह के स्टॉल से अनुज आजीविका स्व-सहायता समूह आगरिया खुर्द फन्दा द्वारा बनाया गया शिवरात्रि गिफ्ट हेम्पर खरीदा और उसका मूल्य 550 रूपये अदा भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *