भोपाल,धोखाधड़ी के मामले में सजा काट रहा बंदी भोपाल जिला जेल से फरार हो गया। जिला जेल की 14 फीट ऊंची दीवार फांदकर कैदी के भाग जाने का खुलासा तब हुआ, जब मंगलवार दोपहर को बंदियों की गिनती हुई। जैसे ही एक बंदी कम मिला, तो जेल में हड़कंप मच गया। शाम तक जब बंदी की कोई जानकारी नहीं मिल पाई तो अरेरा हिल्स थाने में जेल अधिकारियों की ओर से शिकायत की गई। इस पर केस दर्ज कर लिया गया। फरार बंदी धोखाधड़ी के मामले में सजा काट रहा था। पुलिस फरार बंदी की तलाश में जुटी है। अरेरा हिल्स थाना प्रभारी आरके सिंह के अनुसार मेगराकलां बैरसिया निवासी 32 वर्षीय लक्ष्मण सिंह राजपूत धोखाधड़ी के मामले में सेंट्रल जेल में चार नवंबर 2020 से सजा काट रहा था। लक्ष्मण को कुछ दिन पहले केस के सिलसिले में सेंट्रल जेल से निकालकर पेशी पर ले जाया गया था। यहां से वापस आने के बाद उसे 11 दिन पहले जिला जेल में रखा गया था। वह कुछ दिन बाद वापस सेंट्रल जेल जाने वाला था। बताया गया है कि बंदी के खिलाफ छह धोखाधड़ी के मामले लंबित हैं। जेल उपअधीक्षक पीडी श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार सुबह बंदियों को बैरक से खाने के लिए निकाला गया था। 11 बजे उन्हें वापस अंदर किया जा रहा था। इसमें एक बंदी कम मिला, जिसकी पहचान लक्ष्मण के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया है कि जेल परिसर में दीवार के पास पेड़ लगा है। संभवत: उसका सहारा लेकर वह 14 फीट ऊंची दीवार फंदकर फरार हो गया। उसके फरार होने के बाद जेल के आसपास के इलाके, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद जेल अधीक्षक की शिकायत पर अरेरा हिल्स पुलिस ने बंदी लक्ष्मण सिंह राजपूत के खिलाफ अभिरक्षा से भागने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरे फुटेज खंगाल रही है।
भोपाल जिला जेल की 14 फीट ऊंची दीवार फांद कर सजायाफ्ता बंदी फरार
