कानपुर, बिकरू कांड के बाद भी कानपुर पुलिस सबक नहीं ले रही है। शनिवार रात बेकनगंज पुलिस डी 80 गैंग के मुखिया रेहान उर्फ गुड्डू को पकड़ने गई थी। हिस्ट्रीशीटर के साथी और स्थानीय लोगों ने पुलिस को घेर लिया। इसके बाद छतों से पथराव कर दिया। किसी तरह से पुलिस कर्मी जान बचाकर उल्टे पैर भागना पड़ा।
कर्नलगंज थाना क्षेत्र स्थित गम्मू खां हाता में रहने वाला रेहान उर्फ गुड्डू पर शहर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, रंगदारी और हत्या के प्रयास के मुकदमे हैं। रेहान टॉप टेन 10 हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। बेकनगंज पुलिस को सूचना मिली थी कि रेहान गम्मू खां हाता में परिजन से मिलने के लिए आया है। बेकनगंज थाने में तैनात दरोगा मो नईम सिपाहियों को लेकर गम्मू खां हाता दबिश देने के लिए गए थे। दरोगा ने दबिश की सूचना आलाधिकारियों और कर्नलगंज थाने को नहीं दी थी। दरोगा जैसे ही सिपाहियों के साथ हिस्ट्रशीटर के घर पहुंचे, तो महिलाएं लाठी-डंडे लेकर निकल आई। भीड़ ने पुलिस को चारों तरफ से घेर लिया। छतों से पथराव शुरू हो गया। किसी तरह से पुलिसकर्मी खुद को बचाते हुए, गलियों में जा छिपे। दरोगा ने पथराव और हंगामे की सूचना बेकनगंज थाने को दी।
दरोगा की सूचना पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गयी। हिस्ट्रीशीटर रेहान हंगामे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। सीओ कर्नलगंज दिनेश कुमार के मुताबिक मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।