नई दिल्ली,कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के ‘मिस्ट्री बॉलर’ के नाम से लोकप्रिय वरुण चक्रवर्ती ने अपनी गर्लफ्रेंड नेहा खेदेकर के साथ शादी रचायी है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर लिखा है, ‘कोलकाता नाइट राइडर्स परिवार की ओर से वरुण और नेहा पति-पत्नी के रूप में अपना जीवन शुरू करने की बहुत-बहुत बधाई।’ इस वीडियो में वरुण अपनी दुल्हन के साथ क्रिकेट खेलते हुए नजर आ रहे हैं। नेहा ने इस रहस्यमयी गेंदबाज की ‘अंडर-आर्म गेंदों का आसानी से सामना किया। नेहा ने आखिरी गेंद पर स्क्वॉयर-कट लगाया। इस दौरान परिवार और दोस्तों ने खुशी जाहिर की।
गौरतलब है कि 29 साल के वरुण की शादी इस साल की शुरुआत में होनी थी, लेकिन कोविड महामारी के चलते उन्हें अपने कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। केकेआर के अनुसार लॉकडाउन के दौरान वरुण चेन्नई में थे जबकि नेहा मुंबई में थीं। लेग स्पिनर वरुण ने आईपील-2020 में 17 विकेट लिए थे। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 20 रन देकर 5 विकेट लिए। वरुण इस सत्र में पारी में 5 विकेट लेने वाले एकमात्र गेंदबाज रहे।
साल 2019 में वरुण को पंजाब ने 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा था। पेशेवर क्रिकेटर बनने से पहले वह फ्रीलांस आर्किटेक्ट थे। आईपीएल में उनकी एंट्री ही मिस्ट्री बॉलिंग के चलते हुई। वरुण का कहना था कि वह सात तरह से गेंद फेंक सकते हैं। इनमें ऑफब्रेक, लेगब्रेक, गुगली, कैरम बॉल, फ्लिपर, टॉपस्पिन, पैर की उंगलियों पर यॉर्कर शामिल थीं। इस साल हुए आईपीएल सत्र में उन्हें केकेआर ने 4 करोड़ रुपए में खरीदा था पर उनका पदर्शन अच्छा नहीं था।
KKR के ‘मिस्ट्री बॉलर’ वरुण चक्रवर्ती ने गर्लफ्रेंड नेहा खेदेकर के साथ रचायी शादी
