योगी का एलान अयोध्या को बनाएंगे दुनिया की सबसे सुंदर नगरी

अयोध्या, दीपावली पर अयोध्या में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित होने से गदगद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को वैदिक रामायण के आधार पर दुनिया की सबसे सुंदर नगरी बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि राममंदिर निर्माण के रूप में पीएम मोदी ने पीढ़ियों का संकल्प पूरा किया है। रामराज्य में किसी के साथ अन्याय नहीं हो सकता लेकिन अयोध्या को उसकी पहचान तो मिलनी ही चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कोरोना महामारी के इस समय में प्रधानमंत्री मोदी ने राममंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मंदिर निर्माण की अधारशिला रखने के लिए खुद आए। इस पल का पांच सदी से दुनिया भर के भारतभक्तों को इंतजार था। हमारी पीढ़ियां यह सपना लिए हुए खप गईं। कई पीढ़ियों से सभी के मन में एक ही तमन्ना थी कि हम भगवान श्री राम के भव्य मंदिर के निर्माण कार्य को अपनी आंखों से देख लेते तो हमारा जन्म और जीवन धन्य हो जाता। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कोरोना काल में भी देश के प्रत्येक नागरिक की रक्षा के संकल्प के साथ यह आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि राममंदिर पर फैसला आने से पहले वह जब कभी अयोध्या में विकास के कामों की घोषणा करने आते थे तब लोग मंदिर की मांग करते थे।
उन्होंने कहा कि दीपोत्सव का यह पर्व सत्य और न्याय की लड़ाई जीतने के बाद भगवान श्रीराम के वापस अयोध्या लौटने पर मनाया जाता है। अयोध्या में भव्य दीपोत्सव से यह संदेश पूरी दुनिया में पहुंच रहा है। दुनिया में जहां कहीं भारतवासी हैं वे चाहे जिस मत, पंथ को मानते हों दीपावली से जुड़ते हैं। अयोध्या के दीपोत्सव को पूरी दुनिया में ले जाना है। इससे यहां की ब्रांडिंग भी होगी और पौराणिक काल के इस गौरवशाली कालखंड से लोग जुड़ेंगे। रामायण सर्किट, कृष्णा सर्किट और सरकार की अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार धामों को जोड़कर पर्यटन विकास की अपार सम्भावनाओं को जन्म दे रही है। उन्होंने कहा कि आज राम वनगमन मार्ग, रामायण सर्किट सहित तमाम योजनाओं की परिकल्पनाएं साकार हो रही हैं। कृष्णा सर्किट और अन्य योजनाओं के माध्यम से पवित्र धामों को पर्यटन जोड़ा जा रहा है। पहले सरकारें पंच कोसी, 84 कोसी परिक्रमाओं को रोकती थीं। आज की सरकार इस यात्रा में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा के लिए काम कर रही है।
इसके पहले अयोध्या पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रामलला के दर्शन किए। अयोध्या में सरयू तट पर 5.51 लाख दीये जलाए गए। इसके साथ ही अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय रामलीला का आयोजन भी हो रहा है। रामलीला में राम और सीता का स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *