नई दिल्ली, दीपावली के त्योहार के मौके पर सीमा पार पाकिस्तान ने कायराना हरकत दिखाते हुए शुक्रवार को एलओसी के पास अलग-अलग इलाकों में सीजफायर का उल्लंघन किया। पाकिस्तान के इस दुस्साहस पर कार्रवाई करते हुए भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना को मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारी नुकसान पहुंचाया है। भारतीय सेना के सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सेना की जवाबी फायरिंग में 8 पाकिस्तानी सेना के जवान मारे गए हैं। मारे गए पाकिस्तानी सेना के जवानों में 2-3 पाकिस्तान की एसएसजी के कमांडो भी शामिल हैं।
दिवाली पर भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। शुक्रवार सुबह ही पाकिस्तानी सेना ने एलओसी पर सीजफायर तोड़ा। पाकिस्तान की फायरिंग में बीएसएफ और आर्मी के 4 जवान शहीद हो गए, 4 नागरिकों की भी मौत हुई है। सेना ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना के 3 कमांडो और 5 जवान ढेर कर दिए।
पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ, केरन, गुरेज सेक्टर में सीजफायर वॉयलेशन किया। कुपवाड़ा से लेकर बारामूला तक पाकिस्तानी सेना ने फायरिंग की है। इंडियन आर्मी के सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सेना की गोलीबारी में कम से कम 10 से 12 पाकिस्तानी सेना के जवान घायल हुए हैं। साथ ही भारतीय जवानों की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में बड़ी संख्या में पाकिस्तान सेना के बंकर, ईंधन डंप और लॉन्च पैड भी नष्ट हो गए। बता दें, पाकिस्तान की ओर से हुए सीजफायर में 4 भारतीय जवान भी शहीद हो गए।
उरी सेक्टर में दो नागरिकों की मौत
भारतीय अधिकारियों ने बताया है कि उरी सेक्टर के नांबला में तैनात दो सैनिक पाकिस्तान की गोलीबारी में शहीद हो गए। हाजी पीर सेक्टर में एक बीएसफ सब-इंसपेक्टर की जान चली गई, जबकि एक अन्य जवान घायल है। बारामूला जिले के उरी सेक्टर में ही कामलकोटे में दो नागरिकों के मारे जाने की खबर है, जबकि एक महिला हाजी पीर सेक्टर के बालकोटे में मारी गई। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से दिखाई गई आक्रमकता में कई नागरिक घायल हुए हैं।
घुसपैठ की थी कोशिश
अधिकारियों ने बताया कि उरी में कई स्थानों के अलावा बांदीपोरा जिले में गुरेज सेक्टर के इजमर्ग और कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में भी सीजफायर उल्लंघन होने की खबर है। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि सेना ने केरन सेक्टर में गोलीबारी का कवर देकर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। रक्षा प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने कहा, केरन सेक्टर में बीएसएफ के फॉरवर्ड पोस्ट पर हमारे जवानों ने कुछ संदिग्ध गतिविधियों को नोटिस किया। चौकन्ने भारतीय सैनिकों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।
बंकर, ईंधन डंप और लॉन्च पैड भी नष्ट
पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम उल्लंघन की जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि उन्होंने मोर्टार और दूसरे हथियारों का इस्लेमाल किया है। उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। जवाबी कार्रवाई में बड़ी संख्या में पाकिस्तान सेना के बंकर, ईंधन डंप और लॉन्च पैड भी नष्ट हो गए।
नवंबर में 128 बार सीजफायर वॉयलेशन
इस हफ्ते में यह दूसरा मौका है, जब पाकिस्तान ने सीजफायर तोड़ा है। इंडियन आर्मी के सूत्रों के मुताबिक, इस साल पाकिस्तान की तरफ से 4052 बार सीज फायर का उल्लंघन किया गया है। इनमें 128 बार नवंबर और 394 बार अक्टूबर में सीज फायर हुआ है। पिछले साल 3233 बार सीज फायर का उल्लंघन हुआ है।
वीर जवानों के लिए घर में दीया जलाएं: पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली पर देश की रक्षा के लिए सरहद पर तैनात जवानों के लिए ट्वीट किया। लिखा, साथियों हमें अपने उन जांबाज सैनिकों को भी याद रखना है जो इन त्योहारों में भी सीमाओं पर डटे हैं। भारत माता की सेवा और सुरक्षा कर रहे हैं। हमें उनको याद करके ही अपने त्योहार मनाने हैं। हमें घर में भारत माता के इन वीर बेटे-बेटियों के सम्मान में एक दीया जलाना है। मैं अपने वीर जवानों से भी कहना चाहता हूं कि आप भले ही सीमा पर हैं, लेकिन पूरा देश आपके साथ है। आपके लिए कामना कर रहा है। मैं उन परिवारों के त्याग को भी नमन करता हूं। जिनके बेटे-बेटियां आज सरहद पर हैं। हर वो व्यक्ति जो देश की किसी न किसी जिम्मेदारी की वजह से अपने घर पर नहीं है। अपने परिवार से दूर है। मैं हृदय से ऐसे लोगों का आभार व्यक्त करता हूं।
भारतीय सेना का पाक को करारा जवाब उसके 8 सैनिक ढेर, कई बैंकर, आतंकी और लॉन्च पैड तबाह
