दुबई, आईपीएल 20 – 20 क्रिकेट के पहले क्वालीफायर में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 57 रन से पराजित कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट खोकर 200 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 8 विकेट खोकर 143 रन ही बना सकी।
200 रन के स्कोर का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती तीन विकेट बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। पृथ्वी शा को ट्रेंट बोल्ट ने क्विंटन डी कॉक के हाथों कैच करा दिया। शिखर धवन को जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड कर दिया। अजिंक्य रहाणे को ट्रेंट बोल्ट ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। तीनों खाता नहीं खोल पाए। श्रेयस अय्यर मात्र 8 गेंदों में 12 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह द्वारा रोहित शर्मा के हाथों कैच करा दिए गए। दिल्ली की तरफ से सबसे ज्यादा स्कोर मार्कस स्टोइनिस ने बनाया। उन्होंने 46 गेंदें खेली, 6 चौके और 3 छक्के लगाए, 65 रन बनाए। उन्हें जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड कर दिया। अक्षर पटेल ने 32 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की सहायता से 42 रन का योगदान दिया। उन्हें पोलार्ड ने राहुल चहर के हाथों कैच कराया। बाकी के बल्लेबाज कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए। दिल्ली के चार बल्लेबाजों शून्य आउट हुए। मुंबई इंडियंस के लिए जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 14 रन देकर चार विकेट लिए। ट्रेंट बोल्ट को दो, कुणाल पंड्या और पोलार्ड को 1 – 1 विकेट मिले।
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 5 विकेट खोकर 200 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
दिल्ली ने टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रोहित शर्मा दूसरे ओवर में बिना कोई रन बनाए रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू कर दिए गए। इसके बाद क्विंटन डी कॉक और सूर्यकुमार यादव मिलकर दूसरे विकेट के लिए तेज साझेदारी करते हुए स्कोर 78 रन तक ले गए। क्विंटन डी कॉक को अश्विन की गेंद पर शिखर धवन ने कैच कर लिया। डिकॉक ने 25 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की सहायता से 40 रन बनाए। मुंबई की रन गति तेज थी। सूर्यकुमार यादव ने 38 गेंदों में छह चौके और दो छक्के की सहायता से 51 रन का योगदान दिया। उन्हें एनरिक नॉर्टजे की गेंद पर डेनियल सैम्स ने कैच किया। पोलार्ड बिना कोई रन बनाए अश्विन की गेंद पर रबाडा द्वारा कैच कर लिए गये। दूसरे छोर पर ईशान किशन बेहतरीन स्ट्रोक खेल रहे थे। उनका साथ देने आए कुणाल पांड्या ने 1 छक्का मारकर रन गति तेज करने की कोशिश की लेकिन स्टोइनिस की गेंद पर वह डेनियल को कैच दे बैठे। इसके बाद हार्दिक पंड्या और ईशान किशन ने मिलकर तेज खेलते हुए स्कोर 200 रन तक पहुंचा दिया। ईशान किशन ने 30 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की सहायता से नाबाद 55 रन बनाए। हार्दिक पंड्या ने 14 गेंदों में 5 छक्के मारते हुए 37 रन का योगदान दिया।
दिल्ली की तरफ से रविचंद्रन अश्विन ने तीन विकेट लिए। एनरिक नॉर्टजे और मार्कस स्टोइनिस को 1 – 1 विकेट मिले।
बुमराह की घातक गेंदबाजी और किशन एवं सूर्यकुमार की शानदार बल्लेबाजी से मुंबई आईपीएल के फाइनल में पहुंचा
