भोपाल में कोरोना से होम्योपैथी डॉक्टर सहित 11 की मौत, 142 नए केस मिले

भोपाल,राजधानी भोपाल में गुरुवार को 142 नए केस मिले हैं। इसके साथ ही यहां संक्रमितों की संख्या 7375 हो गई है। वहीं 55 कोरोना वॉरियर्स ने कोरोना पर विजय पाई है। उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। राजधानी में अब मरने वालों की संख्या तेजी से बढ़कर 200 पार कर गई है। बुधवार को एक होम्योपैथी डॉक्टर और एक एएसआई समेत 11 लोगों ने जान गंवाई है। ये बीते साढ़े चार महीने में एक दिन में मौत का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके पहले बीते शनिवार को 6 लोगों की मौत हुई थी। हालांकि हमीदिया की डीन डॉ. अरुणा कुमार ने बताया कि हमारे यहां गुरुवार सुबह तक तीन मौतें हुई हैं।
होम्योपैथी डॉक्टर हेमंत वाणी और एएसआई अंसार अहमद ड्यूटी के दौरान संक्रमित हुए थे। होम्योपैथी डॉक्टर हेमंत वाणी (नारायण श्री अस्पताल) की शाम को चिरायु अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं एएसआई अंसार अहमद की सुबह मौत हो गई थी। इधर, छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव से कांग्रेस विधायक सुनील उइके की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्हें चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालात पर डॉक्टर नजर रख रहे हैं। विधायक सुनील उइके समेत प्रदेश में अब तक 12 विधायक संक्रमित हो चुके हैं। वहीं सीएम शिवराज समेत तीन मंत्री भी संक्रमित हुए थे।
भोपाल में रोजाना 150-200 संक्रमित
राजधानी भोपाल में कोरोना का कहर जारी है, यहां पर हर रोज 150-200 नए केस निकल रहे हैं। गुरूवार को 142 नए केस मिले। इसके साथ ही पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 7375 पर पहुंच गया है। अब राजधानी इंदौर से मामूली अंतर से पीछे है। इंदौर में अब तक 7857 संक्रमित हो चुके हैं। भोपाल में अब तक 208 लोग कोरोना संक्रमण का शिकार हो चुके हैं। वहीं 4786 लोग ठीक हुए हैं। अब यहां पर एक्टिव केस 2425 बचे हैं। जिनका अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
जीएमसी का कर्मचारी और डॉक्टर संक्रमित
भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज के डीन के दफ्तर का एक कर्मचारी और यहां के एक डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यहां पर पहले भी मेडिकल स्टाफ और डॉक्टर कोरोना संक्रमित मिल चुके है। अरेरा कॉलोनी में एक, एसबीआई ऑफिसर्स कालोनी से एक, रोशनपुरा से एक परिवार के 4 सदस्य और ईदगाह हिल्स में भी एक ही परिवार के 4 सदस्यों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अवधपुरी संयुक्त विहार कालोनी से एक ही परिवार 3, रामेश्वरम एक्सटेंशन बागमुगालिया से एक ही परिवार के 3 और तुलसी नगर से एक ही परिवार के 4 सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही बैरागढ़ में 8 संक्रमित मिले हैं। वहीं मंगलवारा थाने से एक जवान और सीआरपीएफ हिनोतिया से एक जवान की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *