हाई प्रोफाइल फैमिली का संपत्ति विवाद, ट्रेवल्स संचालक दो महिला बाउंसरों के साथ जख्मी हालत में थाने पहुंची

इंदौर, न्यू पलासिया में एक हाई प्रोफाइल फैमिली का विवाद बुधवार को सड़क पर आ गया। यहां रहने वाली एक ट्रेवल्स संचालक अपनी दो महिला बाउंसरों के साथ जख्मी हालत में थाने पहुंची। उसने आरोप लगाया कि मकान पर कब्जा करने, उसकी हत्या करने और संपत्ति हड़पने के लिए भाभी के भाइयों ने उस पर हमला किया। बचाव करने आई बाउंसरों पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उनका सिर फूट गया। उधर, दूसरे पक्ष से जख्मी युवक ने आरोप लगाया कि उसने नहीं, बल्कि ट्रैवल्स संचालिका की बेटी ने उस पर हमला किया है। वह 15-20 गुंडे लेकर घऱ में घुस आई। इसके पहले वह अपनी भाभी पर हमला करने के लिए मुंबई भी पहुंच गई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
तुकोगंज पुलिस के अनुसार विवाद न्यू पलासिया में हुआ है। विजयंत ट्रेवल्स के संचालक स्व. एन तिवारी की बेटी सारिका ने आरोप लगाया है कि उसकी भाभी अरुणा तिवारी के भाई ग्वालियर निवासी अजय दुबे ने उन पर हमला किया है। 6 महीने पहले ब्रेन हेमरेज के कारण भाई की मौत के बाद सारिका का प्रॉपर्टी को लेकर भाभी से विवाद चल रहा है।
मुझ पर 15-20 लोगों ने हमला किया
सारिका का आरोप है कि वह किसी काम के सिलसिले में मुंबई गई थी। इसके लिए वह थाने पर आवेदन देकर गई थी कि उसकी जान को खतरा है। कभी भी उसकी हत्या हो सकती है। उसके मकान पर भी कब्जा हो सकता है। इसके चलते उसने अपने साथ दो लेडी बाउंसर मीरा और पूजा पाटीदार को इसी महीने से रखा था। वे दोनों 24 घंटे सारिका के साथ रहती हैं। सारिका का आरोप है कि बुधवार को जब वह अपने कमरे में जा रही थी तो देखा कि उसके कमरे का ताला टूटा हुआ है। उस पर ग्वालियर से आए भाभी अरुणा के भाई अजय और शुभम् दुबे ने कब्जा कर लिया है। इस पर उसने चर्चा करना चाही तो अजय दुबे ने उस पर हमला कर दिया। तभी बीचबचाव करने आई उसकी महिला बाउंसरों के भी सिर फोड़ दिए। बाद में वह दौड़कर अपने एक रिश्तेदार को बुलाकर लाई तो उन्हें भी अजय ने पीटा, फिर खुद जख्मी होकर अस्पताल पहुंच गया।
हमने नहीं उसने किया हमला
उधर, दूसरे पक्ष से अरुणा तिवारी के भाई शुभम् ने बताया कि हमला सारिका ने किया है। उसका प्रापर्टी में कोई हिस्सा नहीं है। उसने इंदौर के एक ऑफिस पर ताला लगा दिया है। अरुणा इसी सिलसिले में मुंबई गई थी। इसकी जानकारी लगते ही सारिका भी उस पर हमला करने मुंबई पहुंची, लेकिन अरुण नहीं मिली। इसके बाद वह बुधवार को हमारे घर पर 15-20 गुंडों को लेकर आई। उसने ग्वालियर से रक्षाबंधन के लिए आए अजय दुबे पर हमला कर दिया। जब लगा कि मामला बढ़ जाएगा तो उसने अपनी बाउंसरों का सिर फोड़ दिया। उधर, पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *