भोपाल, कंप्यूटर बाबा के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करने जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उनके आश्रमों की नाप जोख और दस्तावेजों की जांच करने के आदेश सरकार ने दिए हैं। कंप्यूटर बाबा के दोनों आश्रमों को गिराने की तैयारी सरकार कर रही है। कंप्यूटर बाबा ने सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा कर आश्रम बनाया था।
कंप्यूटर बाबा ने हाल ही में राज्य सरकार के खिलाफ लोकतंत्र बचाओ यात्रा निकालने की चेतावनी दी थी। बाबा ने कहा था जिन 26 विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होना है। वहां पर वह लोकतंत्र बचाओ यात्रा निकालेंगे। गद्दारों को हराओ का नारा देकर लोकतंत्र बचाने की मुहिम चलाएगें।
सरकार ने कंप्यूटर बाबा की सुरक्षा व्यवस्था हटा ली है। कमलनाथ सरकार द्वारा उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया था। वह पहले ही हट गया है। इसके बाद नाराज बाबा ने सरकार के खिलाफ मुहिम छेड़ दी है।
कंप्यूटर बाबा का कहना है, कि यदि उनके कब्जे हटाए गए और आश्रमों को तोड़ा गया तो साधु संत मुख्यमंत्री निवास के बाहर धूनी रमा कर बैठ जाएंगे। बहरहाल बाबा और सरकार दोनों एक दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोलकर मैदान में दो-दो हाथ करने के लिए तैयार दिख रहे हैं। इसमें बाबा भारी पड़ेंगे या सरकार, इसको लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
मप्र सरकार ने कंप्यूटर बाबा के आश्रमों की जमीन का नाप-जोख जांचने का फरमान दिया
