भोपाल, पिछले एक पखवाड़े में कांग्रेस के 3 बड़े नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस में मची खलबली के बीच हाल में भाजपा का दामन थामने वाले कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी ने कहा कि कांग्रेस के 5-6 विधायक भाजपा के सम्पर्क में हैं, जो अगले 8-10 दिन में विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो जाएंगे। गौरतलब है कि लोधी के साथ ही पिछले 15 दिनों में सुमित्रादेवी कास्डेकर और नारायणसिंह पटेल कांग्रेस के विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
कांग्रेस विधायकों के लगातार पार्टी छोडऩे के बाद से मध्यप्रदेश कांग्रेस ने अपने विधायकों की निगरानी शुरू कर दी है। वहीं, ये भी कहा जा रहा है कि कांग्रेस के 8 से 10 विधायक टूट सकते हैं। लगातार विधायकों के पार्टी छोड़कर भाजपा में जाने से कांग्रेस में हड़कंप मचा हुआ है। दावा किया जा रहा है अभी भाजपा की नजर कांग्रेस के ऐसे 8 से 10 विधायकों पर है जो पिछली 15 महीने की कांग्रेस सरकार से नाराज थे। कांग्रेस में आगे बड़ी टूट की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों का कहना है इंदौर संभाग, उज्जैन संभाग, विंध्य और बुंदेलखंड के भी कांग्रेस विधायक भी भाजपा के संपर्क में हैं है कांग्रेस छोड़ सकते हैं।
निर्वाचन आयोग भी पसोपेश में
मध्यप्रदेश में विधानसभा उपचुनाव की सीटों में लगातार हो रही वृद्धि के बाद प्रदेश निर्वाचन आयोग भी चुनाव तैयारियों को लेकर पसोपेश की स्थिति में है। पहले जहां 24 सीटों पर चुनाव होने थे तो वहीं इसकी संख्या बढ़कर 27 हो गई है।
कांग्रेस छोड़ भाजपा में आये लोधी ने कहा 8-10 दिन में 5-6 और विधायक भाजपा में आएंगे
