मप्र में कांग्रेस को फिर झटका, नेपानगर की विधायक सुमित्रा कासडेकर भाजपा में शरीक

भोपाल,मध्यप्रदेश में एक ही सप्ताह में कांग्रेस को दूसरा बड़ा झटका मिला है। एक और कांग्रेस विधायक ने इस्तीफा दे दिया है। नेपानगर से कांग्रेस विधायक सुमित्रा कासडेकर ने शुक्रवार को दोपहर पहले विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया, फिर रात में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। कासडेकर के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के विधायकों की संख्या घटकर 90 पहुंच गई है। इससे पहले कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी ने भी इस्तीफा दे दिया था। भारतीय जनता पार्टी ने लोधी को पार्टी में शामिल होने के छह घंटे बाद ही नागरिक आपूर्ति निगम का अध्यक्ष बना दिया था। उन्हें कैबिनेट मंत्री का भी दर्जा मिल गया है।
पैसे ले लो पद ले लो का खेल
सुमित्रा देवी के इस्तीफे पर प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा- मुझे कोई चिंता नहीं है। जाने वालों की मुझे तो पता था कि ऐसे लोग चले जाएंगे, कोई आश्चर्य वाली बात नहीं थी मेरे लिए, इनका सौदा अभी तक चल रहा है यह विधायकों को फोन कर रहे हैं पैसे ले लो पद ले लो।
26 सीट पर होंगे उपचुनाव
ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बीजेपी में कांग्रेस के 22 विधायक आए थे। पहले से 2 सीट खाली थे, उसके बाद तय था कि एमपी में 24 सीट पर उपचुनाव होंगे। एक सप्ताह के अंदर 2 और विधायकों के इस्तीफे के बाद एमपी में 26 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे।
कई विधायक भाजपा के संपर्क में
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के कई विधायक पार्टी से नाराज हैं। इन नाराज विधायकों में 4 बुंदेलखंड और एक महाकौशल के भी हैं। बताया जा रहा है कि ये विधायक भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं। जिसके बाद से कांग्रेस ने नाराज विधायकों के साथ संपर्क साधना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पूर्व सीएम कमलनाथ ने दमोह से विधायक राहुल सिंह और बंडा से विधायक तरबर सिंह के भाजपा में शामिल होने की खबरों के बीच मुलाकात की। मुलाकात के बाद दोनों विधायकों ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारी कांग्रेस पर आस्था है। हमें कई ऑफर मिले हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ही विधायक अपनी पार्टी से नाराजगी के बाद ही भाजपा नेताओं के संपर्क में आए थे।
मंत्री का दावा 10 विधायक हमारे संपर्क में
कैबिनेट मंत्री एंदल सिंह कंसाना ने हाल ही में बड़ा बयान देते हुए कहा था कि कांग्रेस के 10 विधायक उनके संपर्क में हैं और आलाकमान जब कहेगी वे सभी को भाजपा में शामिल करा देंगे। उनके इस बयान के बाद प्रदेश में सियासी पारा चढऩे लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *