भोपाल,मध्यप्रदेश में उपचुनाव के नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक पार्टियों द्वारा एक दूसरे के खिलाफ धरने प्रदर्शन सहित सोशल मीडिया पर की जा रही पोस्ट को लेकर प्रकरण दर्ज करवाने का भी दौर जारी है। इसी कड़ी में पहले दो मामलों में एफआईआर में नामजद आरोपी बनने के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल क्राइम ब्रांच में एक और शिकायत की गई है। इस बार भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और आईटी सेल के संयोजक शिवराज डाबी को लेकर एक ट्वीट को आधार बनाया है। उनका कहना है कि इससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। क्राइम ब्रांच अफसरों ने जानकारी देता हुए बताया कि सोमवार को साथी कार्यकर्ताओं के साथ क्राइम ब्रांच पहुंचे भाजपा नेता ब्रजेश लूनावत ने एक शिकायत आवेदन देते हुए दिग्विजय सिंह के ट्वीट की फोटोकॉपी भी दी है। उनका आरोप है कि दिग्विजय ने आईटी सेल के संयोजक शिवराज डाबी को लेकर भ्रम फैलाने वाला जो ट्वीट किया है, उससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। इसमें उन्होंने शिवराज को एफबीआई का मोस्ट वांटेड बताया है। ऐसे में दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजेश लूनावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, शैलेन्द्र शर्मा और शिवराज सिंह डाबी ने शिकायत की। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कूटरचित वीडियो वायरल करने के आरोप में क्राइम ब्रांच ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत 12 लोगों पर 14 जून को केस दर्ज किया था। जबकि दूसरी एफआईआर
25 जून को दिग्विजय के खिलाफ टीटी नगर पुलिस थाने में की गई। सिंह पर 11 दिन में यह दूसरा केस दर्ज किया गया था। उनके खिलाफ प्रदर्शन के दौरान सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं करने को लेकर एफआईआर की गई।
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के खिलाफ भाजपा नेताओं ने क्राइम ब्रांच में की शिकायत
