भोपाल, राजधानी के समीप विदिशा जिले के सिरोंज में असम से आया एक जमाती कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसके बाद वहां पर प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया है। सिरोंज शहर में कोरोना वायरस से संक्रमित यह पहला मरीज मिला है। जिसकी उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। यह मरीज असम का रहने वाला बताया गया है जो 12 दिन पहले 10 लोगों की जमात के साथ सिरोंज पहुंचा था। मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही जिला प्रशासन ने सिरोंज में कर्फ्यू लगा दिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार असम से 10 लोगों की जमात 23 मार्च को सिरोंज पहुंची थी। इन्हें 10 दिन बाद एक निजी स्कूल में क्वारंटीन किया गया था। 4 मार्च को इनके सैम्पल जांच के लिए भोपाल भेजे थे। रविवार रात करीब 12 बजे रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी मिलते ही कलेक्टर डॉ पंकज जैन, एसपी विनायक वर्मा सहिंट अन्य अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमे प्लान पर चर्चा के बाद सोमवार सुबह से सिरोंज में कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी कर दिया। विदिशा सीएमएचओ डॉ केएस अहिरवार के मुताबिक कोरोना पॉजिटिव मरीज असम के रहने वाला है। वह 21 मार्च को 10 लोगों की जमात के साथ कोलकाता से दिल्ली होते हुए गंजबासौदा आया था। यहां पर 2 दिन रुकने के बाद 10 लोग दो जीपों में सवार होकर सिरोंज पहुंचे थे। उन्हें 3 अप्रैल को एक निजी स्कूल में क्वारंटीन किया गया था। इनके सैंपल 4 अप्रैल को भोपाल भेजे गए थे। उन्होंने बताया कि इन जमातियों में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। अन्य जमातियों की अभी रिपोर्ट नहीं मिली है।वहीं, एडीएम वृंदावन सिंह भी सुबह सिरोंज पहुंच गए। उन्होंने बताया कि मरीज को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है, पूरे एरिया को सील कर दिया है। उन्होंने बताया कि कर्फ्यू के दौरान सिर्फ दवा और दूध की दुकानें खुली रहेंगी। शहर में जगह-जगह पुलिस बल भी तैनात कर दिया है। इधर, कोरोना वायरस के कारण मध्यप्रदेश में मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। इंदौर के बाद अब राजधानी भोपाल में भी एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हो गई है। कोरोना के कहर से रविवार देर रात राजधानी भोपाल में पहली मौत हो गई। इब्राहिम गंज निवासी नरेश खटीक 2 दिन से नर्मदा हॉस्पिटल में भर्ती था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। रात 1:30 बजे इलाज के दौरान नरेश ने दम तोड़ दिया। मध्यप्रदेश में अब मरने वालों की संख्या 14 हो गई है। वहीं, बीते 24 घंटे में मध्यप्रदेश में पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
इंदौर में सबसे ज्यादा मौत
मध्यप्रदेश के इंदौर में अभी तक सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। इंदौर में अभी तक 09 लोगों की मौत हो चुकी है। उसके बाद उज्जैन में दो, भोपाल, छिंदवाड़ा और खरगोन जिले में कोरोना के कारण 1-1 संक्रमितों की मौत हो चुकी हैं।
मौत के मामले में मध्यप्रदेश का दूसरा स्थान
देशभर में कोरोना वायरस के कारण सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं। महाराष्ट्र के बाद मध्यप्रदेश अब दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। मध्यप्रदेश के बाद गुजरात और तेलंगाना में 11-11 संक्रमितों की मौत हुई है। मध्यप्रदेश के इंदौर में संक्रमितों के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे हैं।
मप्र में तेजी से बढ़ रहे हैं आंकड़े
मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमितों के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे हैं। 4 अप्रैल को मध्यप्रदेश में 24 कोरोना संक्रमित मिले थे, वहीं, पांच अप्रैल को प्रदेश में 31 पॉजिटिव केस मिले हैं। 48 घंटे में मध्यप्रदेश में 55 पॉजिटिव केस मिले हैं। मध्यप्रदेश में अभी तक कोरोना संक्रमण के कुल मरीजों की संख्या 216 हो गई है। अकेले इंदौर में आंकड़ा 135 के करीब पहुंच गया है।
जांच की क्षमता पांच गुना बढ़ी
इंदौर में लगातार संक्रमित मिलने के बाद जांच की क्षमता बढ़ा दी गई है। एमजीएस इंदौर में स्थापित वायरोलॉजी लैब की क्षमता पांच गुना बढ़ गई है। पहले 40 टेस्ट होते थे अब 200 टेस्ट हो रहे हैं। इससे जांच की रफ्तार बढ़ी है। वहीं, दूसरी तरफ इंदौर के लिए राहत भरी खबर ये है कि संक्रमित मरीज अब ठीक हो रहे हैं। ग्वालियर, इंदौर और भोपाल में कुछ संक्रमित मरीज ठीक हुए हैं। कई भर्ती मरीजों की जांच रिपोर्ट अब निगेटिव आई है।