ब्रिटेन-फ्रांस हमसे पीछे छूटे भारत बना दुनिया की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था

नई दिल्ली, देश के तमाम मोर्चों पर घिरी मोदी सरकार के लिए मंगलवार को अच्छी खबर आई है। भारत ने ब्रिटेन और फ्रांस को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की 5वीं अर्थव्यवस्था का तमगा हासिल कर लिया है। 2.94 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी के साथ भारत ने साल 2019 में ब्रिटेन और फ्रांस को पीछे छोड़ दिया है। यह खबर ऐसे समय आई है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगले पांच साल के भीतर भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है। अमेरिका के शोध संस्थान वल्र्ड पॉपुलेशन रीव्यू ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि आत्मनिर्भर बनने की पूर्व की नीति से भारत अब आगे बढ़ते हुए एक खुली बाजार वाली अर्थव्यवस्था के रूप में विकसित हो रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है, सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के मामले में भारत 2.94 लाख करोड़ (ट्रिलियन) डॉलर के साथ दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। इस मामले में उसने 2019 में ब्रिटेन तथा फ्रांस को पीछे छोड़ दिया।
ब्रिटेन-फ्रांस से काफी आगे भारत
ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था का आकार 2.83 ट्रिलियन डॉलर है, जबकि फ्रांस का 2.7 ट्रिलियन डॉलर है। क्रय शक्ति समानता (पीपीपी) के आधार पर भारत का जीडीपी 10.51 ट्रिलियन डॉलर है और यह जापान तथा जर्मनी से आगे है। हालांकि, भारत में अधिक आबादी के कारण प्रति व्यक्ति जीडीपी महज 2170 डॉलर है। अमेरिका में प्रति व्यक्ति जीडीपी 62,794 डॉलर है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि भारत की रियल जीडीपी वृद्धि दर लगातार तीसरी तिमाही में कमजोर रह सकती है और 5 फीसदी के आसपास रह सकती है।
कांग्रेस के काम की अनदेखी नहीं
रिपोर्ट में कांग्रेस के दौर में शुरू किए गए उदारीकरण की तारीफ की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में आर्थिक उदारीकरण 1990 की दशक में शुरू हुआ है। उद्योगों को नियंत्रण मुक्त किया गया और विदेशी व्यापार एवं निवेश पर पर नियंत्रण कम किया। साथ ही सरकारी कंपनियों का निजीकरण किया गया। इन उपायों से भारत को आर्थिक वृद्धि तेज करने में मदद मिली है।
हालांकि, रिपोर्ट चौंकाने वाली
हालांकि, अर्थव्यवस्था को लेकर आई रिपोर्ट चौंकाने वाली है। जीडीपी ग्रोथ के मामले में भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति अच्छी नहीं है। कई रेटिंग एजेसियों ने भारत की जीडीपी ग्रोथ के अनुमान को घटा दिया है। रेटिंग एजेंसी मूडीज इनवेस्टर्स सर्विस ने वर्ष 2020 के लिए भारत के सकल घरेलू उत्पाद ग्रोथ अनुमान को घटा दिया है। मूडीज ने यह अनुमान 6.6 फीसदी से घटाकर 5.4 फीसदी कर दिया है। इसके साथ ही मूडीज ने 2021 में जीडीपी बढ़त के अनुमान को भी 6.7 फीसदी से घटाकर 5.8 फीसदी कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *