मप्र कांग्रेस के चार नेताओं ने राज्य से प्रियंका गाँधी को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाने की मांग की

भोपाल, मध्यप्रदेश कांग्रेस के चार नेताओं सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा, जयवर्धन सिंह और अरुण यादव ने पार्टी आलाकमान से मांग की है कि प्रियंका गांधी को मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट से मैदान में उतारा जाये। अप्रैल में खाली हो रही राज्यसभा की तीन सीटों के लिए नेताओं ने दावेदारी तेज कर दी है। इसी बीच प्रियंका गांधी को मप्र से राज्यसभा भेजने की बात सामने आई है। इस साल अप्रैल में मध्यप्रदेश से राज्यसभा की तीन सीट खाली होने वाली है। इनमें से एक सीट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह सांसद हैं जबकि अन्य दो सीटों से भाजपा के प्रभात झा और सत्यनारायण जटिया उच्च सदस्य के सदस्य हैं। तीनों का कार्यकाल पूरा होने वाला है। वर्ष 2018 में प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत के बाद संख्या बल को देखते हुए दो सीटों के कांग्रेस जबकि एक के भाजपा के खाते में जाने की उम्मीद है।
मंत्री प्रियंका के पक्ष में
आगामी राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव और मध्यप्रदेश के तीन वर्तमान मंत्रियों सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा एवं जयर्धन सिंह सहित प्रदेश के चार नेताओं ने पार्टी नेतृत्व से मांग की है कि प्रियंका गांधी को प्रदेश की राज्यसभा सीट से मैदान में उतारा जाये। मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने ट्वीट किया, ‘इंदिरा गांधी अनुसूचित जाति एवं जनजाति और महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध थीं। प्रियंका उन्हीं के पद चिन्हों पर चल रही हैं। जिस तरह इंदिरा गांधी कमलनाथ (मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री) को मध्यप्रदेश लाईं थी, उसी तरह अब प्रियंका गांधी को प्रदेश से राज्यसभा भेजने का वक्त आ गया है।
वहीं, अरुण यादव ने ट्वीट किया है, ‘समय आ गया है कि राहुल गांधी को एक बार फिर पार्टी की कमान सौंपी जाए। यह भी सामयिक होगा कि प्रियंका गांधी को मध्यप्रदेश से राज्यसभा में प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया जाए, ताकि फासीवादी विचारधारा के खिलाफ जमीनी संघर्ष की धार को और अधिक तेज किया जा सके। इसी बीच, मध्यप्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पी.सी. शर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि लोग कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा में उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की छवि देखते हैं।
उन्होंने कहा, ‘प्रियंका गांधी को मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट से संसद भेजा जाना चाहिए। यदि मध्यप्रदेश से नहीं भेजा जाता है तो उन्हें किसी अन्य राज्य से राज्यसभा में भेजा जाना चाहिए। इससे पार्टी मजबूत होगी। प्रियंका को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजने की मांग को लेकर किए गए सवाल पर प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा, ‘यदि ऐसा होता है, तो हम सभी को बड़ी प्रसन्नता होगी। कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन ने कहा, ‘हम इस कदम का स्वागत करते हैं। उनके (प्रियंका) नेतृत्व की न केवल कांग्रेस को जरूरत है, बल्कि यह देश के लिए भी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *