व्यापमं का फिर बदलेगा नाम, पीईबी नहीं अब कर्मचारी चयन आयोग होगा नाम

भोपाल,प्रदेश के बहुचर्चित व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) का नाम अब दूसरी बार बदलने जा रहा है। राज्य की कांग्रेस सरकार अब इसका नाम कर्मचारी चयन आयोग रखने जा रही है। वर्तमान में इसका नाम प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड (पीईबी) है। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में बडे पैमाने पर हुए परिक्षाओं में गडबडी उजागर होने के बाद इस संस्था का नाम पहली बार बदलकर पीईबी रख दिया था। इस मामले में अंतिम फैसला मुख्यमंत्री कमलनाथ तकनीकी शिक्षा मंत्री बाला बच्चन के साथ बैठक में लेंगे। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के पहले अपने वचन पत्र में पीईबी को बंद करने की बात कही थी। कांग्रेस का मानना था व्यापमं घोटाले की वजह से इसकी छवि धूमिल हुई है, इसलिए बंद किया जाना चाहिए। हालांकि अब कांग्रेस सरकार का मानना है कि इसे बंद न कर सिर्फ नाम बदल दिया जाए। पीईबी ने पिछले दिनों इस साल होने वाली परीक्षाओं का जो कैलेंडर घोषित किया है वे परीक्षाएं भी अब राज्य सरकार राज्य कर्मचारी चयन आयोग से ही कराने जा रही है।
पीईबी ने आठ परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया है। पीईबी की परीक्षाएं पहले ही ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाने लगी हैं। नाम बदलने के साथ ही आयोग का नए सिरे से गठन भी सरकार करेगी। आयोग में 31 सदस्य होंगे। इसमें 14 पदेन सदस्य, 11 मनोनीत और 7 बोर्ड के कार्यकारी सदस्य रहेंगे। कार्यकारी सदस्यों में अध्यक्ष, प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा, वित्त व चिकित्सा शिक्षा, आरजीपी कुलपति, डायरेक्टर पीईबी और तकनीकी शिक्षा होंगे। इसी तरह शासन 11 सदस्यों को मनोनीत करेगी। कुछ अधिकारियों को पदेन व कार्यकारी सदस्य की भूमिका निभाना होगी। इसके साथ ही इसमें दो विधायकों को भी सदस्य नियुक्त किया जा सकता है। आयोग के अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे तो ऐसी स्थिति में किसी अन्य को उपाध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। यदि मुख्यमंत्री अध्यक्ष नहीं होंगे तो फिर इसमें किसी और को अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा।
इधर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री बाला बच्चन का कहना है कि पीईबी को बंद करने का मामला वचन पत्र में शामिल था। यह बेहद महत्वपूर्ण मामला है। फिलहाल इसका नाम बदलकर राज्य कर्मचारी चयन आयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही आयोग का गठन किया जा रहा है। इसे लेकर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ बुधवार को होने वाली बैठक में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *